उत्तर प्रदेश में होने जा रहे चुनाव को देखते हुए सभी पार्टियों ने अपनी पूरी ताकत प्रचार में झोंक दी है। कांग्रेस की तरफ से प्रियंका गांधी प्रचार कर रही हैं। हाल ही में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यूपी के वाराणसी और सिद्धार्थनगर में 5200 करोड़ की परियोजनाओं का लोकार्पण और आत्मनिर्भर स्वास्थ्य भारत योजना का शुभारंभ किया था। यहां पीएम मोदी ने कहा था, ‘पिछली सरकारों ने काशी को बेहाल छोड़ दिया था। जितना काम बीते कुछ सालों में हुआ है, अगर पिछली सरकारों ने किया होता तो काशी की स्थिति ऐसी नहीं रहती, लेकिन उन्होंने तो काशी को उसके हाल पर छोड़ दिया था।’

अब प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर एक वीडियो साझा किया है। प्रियंका ने दावा किया है कि वीडियो में दिख रही महिलाएं प्रधानमंत्री मोदी की जनसभा में हिस्सा लेकर बाहर आ रही थीं। महिलाओं से पत्रकार पूछते हैं, ‘सरकार का काम ठीक है?’ इसके जवाब में महिलाओं ने कहा था, ‘कुछ ठीक नहीं है। क्या सबकुछ सूखा खाएं? दाल-चावल खाने के लिए भी तेल, नमक चाहिए। लेकिन सब चीजों में महंगाई की आग लग रही है।’

महिलाओं से अगला सवाल पूछा जाता है, ‘आप लोगों को सिलेंडर तो फ्री मिला?’ इसके जवाब में वो कहती हैं, ‘किस बात के लिए सिलेंडर मिला? अब उसे भरने के लिए 1 हजार रुपए देने पड़ रहे हैं। गैस वालों को भी पैसे मिल रहे हैं, लेकिन हम लोगों को तो कुछ नहीं मिल रहा। इससे अच्छा तो हम लोग चूल्हे पर खाना ठीक बना लेते थे। आदमी का गैस भरवाने में पसीना छूट जा रहा है। मोदी जी कहते थे कि चूल्हे से आंखों से आंसू आते थे, लेकिन उनकी आंख में तो आंसू बैठे-बैठे ही आ रहे हैं। गैस से बहुत अच्छा खाना हमारे लिए तो चूल्हे का होता है।’

लोगों की प्रतिक्रियाएं: प्रियंका के इस ट्वीट पर लोगों की भी अलग-अलग प्रतिक्रिया आ रही है। एक यूजर ने लिखा, ‘आपने ये तो बहुत जल्दी दिखा दिया, लेकिन त्रिपुरा में हुई हिंसा पर कुछ नहीं कहा।’ यूजर मनोज गोस्वामी लिखते हैं, ‘आपको ये पता होना चाहिए कि पेट्रोल-डीजल के दाम सबसे कम मोदी जी की सरकार में ही बढ़े हैं।’ धर्मेंद्र कुमार शर्मा नाम के यूजर लिखते हैं, ‘बाबा रामदेव कहां हैं? ऐसे लोगों के सवाल पर तो छिप गए होंगे।’ एक यूजर ने लिखा, ‘यही तो मोदी सरकार है जो पहले फ्री में सिलेंडर देती है और बाद में गैस के लिए 1 हजार रुपए लेती है।’

यूजर सुदामा यादव लिखते हैं, ‘मोदी सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते देश में महंगाई आसमान छू रही है, एक और मोदी सरकार टैक्स के जरिए तेल गैस के दामों में वृद्धि कर जनता से लूट जारी रखी है तो वहीं दूसरी तरफ इनके पूंजीपति मित्रों के द्वारा खाद्य सामग्रियों के दामों बढ़ोतरी जारी है।’ एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘प्रियंका जी, प्रदेश की महिलाओं को गलत जानकारी मत दीजिए। ये सभी महिलाएं आपके तरीके से अच्छी तरह वाकिफ हैं। चाहे महंगाई हो या सुरक्षा, सभी चीजों पर महिलाओं को योगी जी पर ही भरोसा है।’