हिंदी सिनेमा जगत की बेहतरीन अदाकारा प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra) आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। वो ग्लोबल स्टार बन चुकी हैं। उन्होंने सिनेमा जगत में काफी लंबा सफर तय किया है। आज उन्हें इंडस्ट्री में देसी गर्ल और ग्लोबल स्टार के नाम से भी जाना जाता है। उत्तर प्रदेश के छोटे से शहर बरेली से निकलकर दुनियाभर में नाम कमाने वाली प्रियंका चोपड़ा के लिए ये जर्नी काफी आसान नहीं था। इसके लिए उन्होंने काफी उतार-चढ़ाव देखे हैं। लेकिन, स्टारडम पाने के बाद आज जब भी वो अपनी पिछली जिंदगी को याद करती हैं तो उसमें खो सी जाती हैं। ऐसे में अब अपने यादों के पिटारे से उन्होंने कुछ तस्वीरें शेयर की है, जो कि उनके बचपन की है। इसमें उन्हें पहचान भी पाना मुश्किल हो रहा है।
प्रियंका चोपड़ा ने पुराने दिनों को याद किया है। उन्होंने बचपन की एक के बाद एक 15 फोटोज शेयर की है और इन 15 फोटोज के साथ खुद से जुड़ी यादों और किस्सों को याद किया है। उन्होंने अपनी पोस्ट में बताया कि 1987 में उनकी बर्थडे पार्टी में उन्हें अस्थमा का अटैक पड़ा था, जो कि काफी भयानक था। वहीं, इन तस्वीरों में उन्होंने पहली वो फोटो भी शेयर की जब उन्होंने मॉडलिंग की थी। प्रियंका ने बताया कि 1999 में उन्होंने पहली बार मॉडलिंग की थी और इसके लिए फोटोशूट भी करवाया था, जिसकी तस्वीर को एक्ट्रेस ने इंस्टाग्राम पर शेयर भी किया है। इसे लेकर उन्होंने बताया कि पहली बार उनकी मॉडलिंग को लेकर फोटोशूट बरेली में ही हुआ था।
इतना ही नहीं, प्रियंका चोपड़ा बचपन से ही फैशनिस्टा रही हैं। ये हम नहीं कह रहे हैं उनकी सारी तस्वीरों को देखकर अंदाजा लगाया जाता है। इसमें उनके बचपन से लेकर बड़े होने तक के ट्रांसफॉर्मेशन और फैशन स्टाइल को देख सकते हैं। एक्ट्रेस अपने बचपन की फोटो को लेकर भी खुद को देसी गर्ल कहती हैं। उनकी उस फोटो में फैशन तो किया लेकिन, देसी स्टाइल का भी ख्याल रखा गया है। उनका स्वैग और स्टाइल तो बचपन से ही देख सकते हैं। पोस्ट में प्रियंका ने ये भी बताया कि 13 साल की उम्र में उन्हें कोला पीने की परमिशन भी मिली थी वो भी फैंसी गिलास में। एक्ट्रेस ने अपनी वो तस्वीर भी शेयर की है जब वो साल 2000 में मिस इंडिया बनी थीं।
तमिल फिल्म से शुरू किया था करियर
आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत साल 2000 में मिस इंडिया बनने के बाद किया था। उनकी पहली फिल्म तमिल थी, जिसका टाइटल ‘Thamizhan’ था। वहीं, बॉलीवुड में उनकी पहली फिल्म ‘द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई’ थी। फिल्म भले ही कुछ खास कमाल नहीं कर पाई थी लेकिन, इसमें उनके काम को नोटिस किया गया और इसके बाद उन्होंने ‘एतराज’ जैसी फिल्मों में काम किया और उनका करियर चल पड़ा। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। प्रियंका ने एक बार फिल्मफेयर से बात की थी और शुरुआती दिनों को याद करते हुए कहा था कि जब वो 20s में अपना करियर शुरू कर रही थीं तो वो काफी डरी हुई थीं कि वो यहां पर किसी को जानती नहीं हैं कैसे क्या होगा। लेकिन बाद में चीजें खुद ब खुद आसान होती चली गईं। उन्होंने कई बड़े सितारों के साथ काम किया और खूब नाम कमाया।