बॉलीवुड की ‘देसी गर्ल’ प्रियंका चोपड़ा किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। एक्ट्रेस ने हिंदी सिनेमा में शानदार अभिनय करने के बाद हॉलीवुड में कदम रखा और यहां भी उन्होंने अपनी एक खास जगह बनाई है। प्रियंका चोपड़ा सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रहती हैं और अपने से जुड़े अपडेट्स फैंस के साथ शेयर करती रहती है।
अब हाल ही में प्रियंका चोपड़ा ने व्हाइट हाउस का दौरा किया और डेमोक्रेटिक नेशनल कमेटी विमेंस लीडरशिप फोरम में अमेरिकी उपराष्ट्रपति कमला हैरिस का इंटरव्यू लिया है। उन्होंने कमला हैरिस के साथ मुलाकात के दौरान कई मुद्दों पर बातचीत की।
प्रियंका चोपड़ा को पहली बार मिली मेल एक्टर के बराबर फीस
दरअसल एक्ट्रेस ने हाल ही में इंस्टाग्राम पर इस इंटरव्यू की कुछ झलकियां शेयर की हैं। इस खास अवसर के लिए अभिनेत्री प्रियंका चोपड़ा ने पीले रंग की बैकलेस ड्रेस पहनी थी। प्रियंका ने अमेरिका में वेतन की समानता और बंदूक पर कानून जैसे कई विषयों पर उपराष्ट्रपति से सवाल पूछे। इसी बीच उन्होंने बताया कि अपने 22 साल के करियर में इस साल पहली बार उनके साथ काम करने वाले मेल एक्टर के बराबर पे किया गया है। वहीं, प्रियंका का साथ देने उनके पति निक जोनस भी वहां मौजूद थे। उन्होंने भी अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर तस्वीर साझा की है, जिसमें वह बेटी मालती के साथ न्यूयॉर्क में समय बिताते हुए नजर आ रहे हैं।
एक्ट्रेस ने की सर्वोच्च न्यायालय के फैसले की तारीफ
बता दें कि हाल ही में सर्वोच्च न्यायालय ने कहा है कि महिला वैवाहिक स्थिति की परवाह किए बिना अपनी मर्जी से गर्भपात करवा सकती है। एक महिला को तीसरे पक्ष से परामर्श किए बिना गर्भपात कराने के लिए “रिप्रोडक्टिव अटोनॉमी” होना चाहिए। कोर्ट के इस फैसले पर एक्ट्रेस ने एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा था कि चुनने का अधिकार। दुनिया भर में महिलाओं के लिए यह एकमात्र तरीका होना चाहिए।
इन फिल्मों में नजर आएंगी प्रियंका
प्रियंका चोपड़ा इन दिनों अपने मदरहुड को इंजॉय कर रही हैं। वर्क फ्रंट की बात करें तो प्रियंका चोपड़ा फिल्म ‘जी ले जरा’में कैटरीना कैफ और आलिया भट्ट के साथ नजर आएंगी। इस फिल्म को फरहान अख्तर डायरेक्ट कर रही हैं। इसके अलावा प्रियंका के पास ‘इट्स ऑल कमिंग बैक टू मी’ और सीरिज सिटाडेल जैसी इंटरनेशनल प्रोजेक्ट्स हैं। रूसो ब्रदर्स द्वारा निर्मित सिटाडेल ओटीटी प्लैटफॉर्म प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगा।