प्रियंका और निक जोनास की सगाई में काफी कम समय रह गया है और उनके घर में सगाई की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके घर में एक पंडित जी ने भी अपनी मौजूदगी दर्ज कराई थी। इससे ये कयास लगाने शुरू हो गए हैं कि प्रियंका हिंदू रीति-रिवाज से इस सगाई को कर सकती हैं। हालांकि इस मामले में पूरी जानकारी अभी तक सामने नहीं आई है।

गौरतलब है कि प्रियंका की एंगेजमेन्ट पार्टी के लिए निक जोनास शुक्रवार को अपने परिवार समेत भारत पहुंचे। ये पार्टी 18 अगस्त को होनी है। निक के माता-पिता और प्रियंका के परिवार के बीच ये पहली आधिकारिक मुलाकात होगी। निक को लेने के लिए प्रियंका भी एयरपोर्ट पहुंची थीं। निक की मां डेनिस और पिता केविन जोनास सीनियर के हाथों में एक पैकेट भी देखा जा सकता था, जिसे प्रियंका के लिए गिफ्ट माना जा रहा है।

माना जा रहा है कि इस पार्टी में बॉलीवुड के दिग्गज सितारे देखने को मिलेंगे हालांकि अभी तक इस पार्टी की गेस्ट लिस्ट जारी नहीं हुई है। ये पक्का है कि इस पार्टी में शाहरूख और सलमान खान शामिल नहीं होंगे। जहां शाहरूख अपनी फिल्म ज़ीरो के साथ बिज़ी हैं वही सलमान खान अपनी फिल्म भारत की शूटिंग के लिए माल्टा में हैं। इसके अलावा कैटरीना कैफ भी भारत की शूटिंग के लिए माल्टा निकल चुकी हैं।

गौरतलब है कि कई डिनर डेट्स के बाद निक जोनास, प्रियंका के साथ भारत आए थे। निक ने प्रियंका की मां मधु चोपड़ा से भी मुलाकात की थी। मधु ने इस मुलाकात के बारे में कहा था कि उन्हें निक के साथ ज़्यादा समय बिताने का मौका नहीं मिला। पिछले साल मेट गाला के अवसर पर प्रियंका और निक एक साथ पहुंचे थे। प्रियंका और निक दोनों ने ही उस दिन राल्फ लॉरेन के डिज़ाइनर कपड़े पहने थे, यही कारण था कि दोनों ने साथ में मेट गाला 2017 में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई थी। इस घटना के बाद ही प्रियंका और निक के रिश्ते को लेकर अटकलें लगनी शुरू हो गई थी।

https://www.jansatta.com/entertainment/