बॉलीवुड एक्टर प्रकाश राज अपनी एक्टिंग से करोड़ों लोगों के दिल जीत चुके हैं। अब प्रकाश राज किसी और वजह से इंटरनेट पर छाए हुए हैं और उनकी काफी तारीफ भी हो रही है। दरअसल प्रकाश राज ने एक अनाथ लड़की को पढ़ने के लिए विदेश भेजा था और पढ़ाई का सारा खर्च एक्टर ने खुद ही दिया था। श्रीचंदना नाम की ये लड़की पढ़ाई में बहुत होशियार थी, लेकिन सोर्स की कमी के कारण वह विदेश पढ़ाई करने नहीं जा पा रही थी। उसकी मदद के लिए जब कोई आगे नहीं आया तो प्रकाश राज ने उसकी मदद की थी।

यूके में पढ़ाई करने के लिए दिए एंट्रेंस एग्जाम में श्रीचंदना ने शानदार परफोर्मेंस दी थी, लेकिन उसके पास पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए पैसे नहीं थे। तमिल डायरेक्टर नवीन मोहम्मद अली उस लड़की को प्रकाश राज के पास लेकर गए थे। उन्होंने लड़की की पूरी बात को आराम से सुना और मदद करने के लिए आगे आए। प्रकाश राज की मदद के बाद ही लड़की यूके की यूनिवर्सिटी में एडमिशन ले पाने में सफल हो पाई। अब श्रीचंदना ने उस संस्थान से मास्टर्स डिग्री हासिल कर ली है।

नवीन मोहम्मद अली ने प्रकाश राज की तारीप करते हुए एक ट्वीट भी किया है। साथ ही उन्होंने बताया कि प्रकाश ने न सिर्फ लड़की की पढ़ाई करने में मदद की, बल्कि उनसे यूनाइटेड किंगडम में नौकरी हासिल करने में भी मदद की है। उन्होंने लिखा, ‘प्रकाश राज का शुक्रिया और सैल्यूट। उन्होंने श्रीचंदना की आर्थिक रूप से मदद की, एक अनाथ गरीब मेधावी दलित लड़की ने ब्रिटेन के एक विश्वविद्यालय में प्रवेश सुनिश्चित किया, मास्टर डिग्री पूरी की, साथ ही नौकरी के लिए भी फंड दिया। शुक्रिया सर, किसी का जीवन बदलने के लिए।’

नवीन के ट्वीट पर प्रकाश राज ने जवाब दिया, ‘शुक्रिया नवीन, ये विषय मेरे संज्ञान में लाने के लिए। ये बहुत अच्छा होता है जब किसी का जीवन सुधारने के लिए बहुत सारे लोग साथ आते हैं। खुश रहो, सशक्तिकरण का आनंद।’ इस ट्वीट पर लोगों की भी अलग-अलग प्रतिक्रिया आ रही है। एक यूजर ने लिखा, ‘आप उन सभी लोगों के लिए एक मिसाल हैं जो दूसरों का जीवन बदलना चाहते हैं। ग्लैमर के बीच खुद को संभालना बेहद मुश्किल होता है, लेकिन आपने ये कर दिखाया।’

संदीप कुमार नाम के यूजर ने लिखा, ‘आपने एक्टिंग के अलावा इससे भी लोगों का दिल जीत लिया है। ऐसे बहुत कम लोग होते हैं जो दूसरों के बारे में सोचते हैं। आप उनमें से एक हैं।’ यूजर ज्वाला सिंह लिखते हैं, ‘हम सभी को आपके ऊपर गर्व है। जो काम इस देश की संस्थाओं को करना चाहिए वो आपने कर दिखाया है। समानता लाने के लिए किया जा रहा ये प्रयास हम सबके लिए उदाहरण है।’ अफजल पठान ने लिखा, ‘सर आप दक्षिण भारत के सोनू सूद हैं।’