बॉलीवुड और साउथ एक्टर प्रकाश राज अपने बेबाक बयानों के लिए जाने जाते हैं। प्रकाश राज सोशल मीडिया पर एक्टिव रहते हैं और आए दिन अपने ट्वीट को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। हाल ही में प्रकाश राज ने एक ऐसा ट्वीट किया है, जिसके बाद उनकी परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने उन्हें देशद्रोही कहना शुरू कर दिया। हालांकि उस ट्वीट पर अब उन्होंने सफाई पेश करते हुए एक और ट्वीट किया है।
प्रकाश राज ने एक चायवाले का कार्टून शेयर किया था। जो देखने में पूर्व इसरो के प्रमुख के सिवान का था। कार्टून ने शर्ट और लुंगी पहनी है और एक मग से चाय दूसरे मग में डालते नजर आ रहे हैं। इसे शेयर करते हुए प्रकाश राज ने लिखा था, “ब्रेकिंग न्यूज! चंद्रमा से पहली तस्वीर #विक्रमलैंडर।” प्रकाश राज ने जैसे ही ये ट्वीट किया, यूजर्स ने उनकी खिंचाई करना शुरू कर दिया।
अब दी सफाई
एक्टर ने कार्टून वाले ट्वीट को शेयर करते हुए कैप्शन में लिखा है,”नफरत को सिर्फ नफरत ही नजर आती है। मैं #आर्मस्ट्रांग के समय के एक चुटकुले का जिक्र कर रहा था। हमारे केरल चायवाला का जश्न मना रहा था। ट्रोल्स ने कौन सा चायवाला देखा? अगर आपको कोई मजाक समझ नहीं आया तो मजाक आप पर है। बड़े हो जाओ #justasking”
फिर हुए ट्रोल
प्रकाश राज को यूजर्स लगातार भला-बुरा कह रहे हैं। एक्टर के नए ट्वीट पर भी यूजर्स उन्हें ट्रोल ही कर रहे हैं। रिजवान हैदर ने लिखा,”कुछ शब्द ऐसे हैं कि अगर बोला जाए तो खुद ब खुद समझ जाते हैं। जैसे: अनपढ़, चाय वाला। अब कोई उड़ता तीर अपने ऊपर ले ले तो उसमें आपकी क्या गलती है?” लाला नाम के यूजर ने लिखा,”सफाई देना बंद करो, अपनी पोस्ट डिलीट करो और माफी मांगो। चंद्रयान कोई ऐसी चीज नहीं है जिसके इर्द-गिर्द मजाक उड़ाया जाए। बल्कि, यह गर्व महसूस करने की बात है, हमारे वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत की सराहना करने की बात है। प्रधानमंत्री के प्रति अपनी नफरत व्यक्त करने के कई अन्य तरीके हैं, लेकिन फिर भी आप यह उम्मीद नहीं कर सकते कि आपकी कूड़ेदान वाली बुद्धि संवेदनशील होगी।”
आपको बता दें कि चंद्रयान 3 भारत का इतिहास रचने के कुछ ही घंटों दूर है। बताया जा रहा है कि 23 अगस्त को शाम 5 बजकर 20 मिनट पर चंद्रयान 3, चंद्रमा की सतह पर उतरेगा। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश को संबोधित करेंगे।