देशभर में पेट्रोल-डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोत्तरी हो रही है। राजधानी दिल्ली में आज यानी सोमवार को 35 पैसे बढ़ने के बाद पेट्रोल की कीमत 99 रुपए 86 पैसे हो गई है। हालांकि डीजल की कीमत में कोई बढ़ोत्तरी नहीं हुई है। फिलहाल डीजल की कीमत 89 रुपए 36 पैसे है। अब बॉलीवुड एक्टर दिव्येन्दु शर्मा ने इस पर चुटकी ली है। दिव्येन्दु ने तंज कसते हुए कहा कि बैंक अब पेट्रोल खरीदने के लिए लोन दे रहा है।
दिव्येन्दु शर्मा लिखते हैं, ‘खुशखबरी… बैंक अब पेट्रोल खरीदने के लिए कम दाम पर पर्सनल लोन दे रहे हैं।’ उनका ये ट्वीट कई यूजर्स को पसंद आ रहा है तो कई इस पर अपनी अलग प्रतिक्रिया भी दे रहे हैं। ट्विटर यूजर प्रज्ञान दुबे लिखते हैं, ‘लेकिन गरीब वैक्सीन के पैसे नहीं दे रहा है और किसानों को भी तो सब्सिडी देनी है।’ व्हाइट वॉकर नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘सर, मैं सुबह स्टेट बैंक गया था ये लोन अप्लाई करने। उन्होंने कहा कि बाद में आना ब्रेक चल रहा है। सुबह के समय भी लंच ब्रेक कर रहे हैं।’
ट्विटर यूजर ने एक्ट्रेस का किया शुक्रिया अदा: ट्विटर यूजर इमरान खान ने लिखा, ‘डियर बैंक्स। मुझे लोन देकर सिर्फ अकेला छोड़ दो क्योंकि मैं बहुत ज्यादा घूमना चाहता हूं, लेकिन पेट्रोल की कीमतों के कारण घर से बाहर तक नहीं जा पा रहा हूं।’ मनीष कुमार नाम के ट्विटर यूजर ने लिखा, ‘अक्षय कुमार को यही बात बोलने में परेशानी हो रही है अब। शुक्रिया मुन्ना भैया कोई तो बोल रहा है। लोकतंत्र में आवाज उठाना बहुत जरूरी हो चुका है।’
Good News!!!
Banks are offering personal loans on low interest rates for buying petrol
— divyenndu (@divyenndu) July 5, 2021
वैश्विक बाजार में कितनी है कच्चे तेल की कीमत: वैश्विक स्तर पर कच्चे तेल की कीमत अब 75 डॉलर प्रति बैरल के आसपास है। अक्टूबर 2018 में यह 80 डॉलर प्रति बैरल से ज्यादा था, लेकिन फिर भी, पूरे देश में पेट्रोल की कीमतें 80 रुपए प्रति लीटर के आसपास थीं। अब मुंबई में इसकी कीमत 105.93 रुपए है। जबकि चेन्नई में भी यह 100 रुपए के स्तर को पार कर गई है और वर्तमान में 100.79 रुपए प्रति लीटर है।