बॉलीवुड एक्ट्रेस परिणीति चोपड़ा और आम आदमी पार्टी नेता राघव चड्ढा ने 24 सितंबर को उदयपुर में शादी की थी। दोनों की शादी की तस्वीरें शादी की देर शाम सामने आई थीं। इसके बाद हाल ही में परिणीति ने शादी का एक बेहद खूबसूरत वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल पर शेयर किया था। जिसमें बारात से लेकर फेरे और सिंदूर दान तक की झलक देखने को मिली। इसके बाद एक और वीडियो सामने आया है, जो ससुराल में उनके स्वागत का है। ये वीडियो काफी मजेदार है।
चड्ढा परिवार ने ढोल के साथ अपनी बहू परिणीति का स्वागत किया। ये देख वह काफी सरप्राइज्ड नजर आईं। इसके बाद घर की नई बहू के साथ होने वाली रस्में हुईं, जिनमें सभी मस्ती करते दिखे। एक रस्म में परिणीति ने थाल उठाये और राघव हाथ में डंडा लिए उन्हें मस्ती में कमांड देते नजर आ रहे हैं।
इस वीडियो में दोनों से सवाल किया गया कि दोनों में से किसने पहले ‘आई लव यू’ कहा था। इसपर दोनों ने परिणीति की ओर इशारा किया। इसके अलावा भी दोनों ने कई दिलचस्प गेम खेले। Fourfold Pictures ने ये वीडियो शेयर किया है। कैप्शन में लिखा है, “बहू वह रोशनी है जो मां के जीवन में खुशियां लाती है। बहू का स्वागत इतनी खूबसूरती से कभी नहीं देखा! चड्ढा परिवार ने @parineetichopra और @raghavchadha88 के लिए एक सरप्राइज ढोल और सजावट प्लान की। जिसके बाद कुछ मीठे और मजेदार गेम होंगे। जैसा कि परी ने कहा… दुनिया का सबसे अच्छा परिवार। जिन्होंने निश्चित रूप से उसे एक रानी जैसा महसूस कराया।”
परिणीति और राघव परिवार और करीबी लोगों के बीच शादी के बंधन में बंधे थे। सानिया मिर्जा, हरबजन सिंह, मनीष मल्होत्रा समेत कई बड़ी हस्तियां भी इस शादी का हिस्सा बनीं। परिणीति ने इंस्टाग्राम पर प्यारे से कैप्शन के साथ शादी की तस्वीरें शेयर की थीं। कैप्शन में उन्होंने लिखा, “नाश्ते की टेबल पर पहली बातचीत से ही हमारे दिल को पता चल गया। लंबे समय से इस दिन का इंतजार कर रहा था.. आखिरकार मिस्टर और मिसेज बनने का सौभाग्य मिला! एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते थे.. हमारा हमेशा के लिए अब शुरू होता है।”