साल 2023 के आखिरी में रणबीर कपूर और रश्मिका मंदाना की फिल्म ‘एनिमल’ (Animal) को रिलीज किया गया, जिसने बॉक्स ऑफिस पर ताबड़तोड़ कलेक्शन किया। फिल्म ने 800 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर बॉक्स ऑफिस पर नया रिकॉर्ड बना दिया था। हालांकि, ये मूवी भले ही कमर्शियली हिट रही लेकिन, क्रिटिक्स ने इसकी काफी आलोचना की थी। इसका निर्देशन संदीप रेड्डी वांगा ने किया था। इस फिल्म के बारे में शायद ही किसी को पता होगा कि रश्मिका मंदाना मेकर्स की पहली पसंद नहीं थीं। उनसे पहले ये फिल्म परिणीति चोपड़ा को ऑफर हुई थी और वो इसे कर भी रही थीं लेकिन, शूटिंग शुरू होने के जस्ट पहले ही एक्ट्रेस ने इस फिल्म को छोड़ दिया था। इस बात का खुलासा उन्होंने खुद किया है।
दरअसल, परिणीति चोपड़ा हाल ही में रजत शर्मा के शो ‘आपकी अदालत’ में पहुंची थीं। इस दौरान एक्ट्रेस ने अपनी लाइफ करियर और राजनीति में एंट्री के साथ-साथ हसबैंड राघव चड्ढा के साथ लव स्टोरी के बारे में बताया। इसी बातचीत में परिणीति ने बताया कि उन्होंने 800 करोड़ कमाने वाली फिल्म ‘एनिमल’ को हां करके छोड़ दिया था। इसके पीछे का किस्सा बताते हुए परिणीति ने बताया कि शायद ऊपर वाला उनके लिए कुछ अच्छा कर रहा था। पहले वो इस फिल्म को कर रही थीं और तकरीबन सब कुछ तय हो गया था। फिर एक्ट्रेस के पास उन्हीं तारीखों पर ‘चमकीला’ ऑफर हुई।
दिलजीत दोसांझ की ‘चमकीला’ को लेकर परिणीति ने आगे कहा कि इसमें वो इतने सारे गाने गा रही थीं। ए आर रहमान के साथ काम करने का मौका मिला और वो उनकी काफी बड़ी फैन भी रही हैं। वहीं, इम्तियाज अली को अपना ड्रीम डायरेक्टर बताती हैं और कहती हैं कि उनके साथ काम करने का मौका मिल रहा था। उनका मानना है कि इसके जरिए उन्हें काफी कुछ एक साथ मिल रहा था। इसलिए, उन्होंने ‘एनिमल’ करने की बजाय ‘चमकीला’ को साइन किया और ये हिट रही। परिणीति ने कहा कि इसकी वजह से काफी चर्चा रही। अवॉर्ड शोज में नॉमिनेशन्स मिले। इस मूवी ने काफी कुछ दिया। इसलिए उन्हें 800 करोड़ फिल्म छोड़ने का कोई पछतावा नहीं है।
‘चमकीला’ की शूटिंग के दौरान परवान चढ़ा था प्यार
वहीं, रजत शर्मा ने जब परिणीति चोपड़ा के ‘एनिमल’ छोड़ने के फैसले के बारे में हसबैंड राघव चड्ढा से पूछा तो उन्होंने कहा कि वो इसके बारे में अकाउंटेंसी के नजरिए से कहेंगे बल्कि दिल के नजरिए से बताएंगे। उन्होंने कि अगर वो ‘चमकीला’ साइन नहीं करतीं तो वो दोनों ना मिले होते और ना ही पंजाब में समय बिताया होता। क्योंकि, इस फिल्म की पूरी शूटिंग पंजाब के गांव में हुई थी। राघव बताते हैं कि वो इस फिल्म की शूटिंग के दौरान एक्ट्रेस से मिला करते थे और साथ में घूमते थे। इतना ही नहीं, राघव ने बताया कि वो साथ में गुरुद्वारे में जाकर मत्था भी टेका करते थे। राघव का मानना है कि अगर परिणीति ने ‘एनिमल’ साइन की होती तो फिर वो उनसे मिल नहीं पाते और बात यहां तक नहीं आ पाती।
आपको बता दें कि परिणीति चोपड़ा की फिल्म ‘चमकीला’ को ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया गया था। इसमें उनके साथ एक्टर और सिंगर दिलजीत दोसांझ थे। ये मूवी ओटीटी पर सबसे ज्यादा देखी और पसंद की जाने वाली फिल्म बन गई थी। इसे फिल्मफेयर ओटीटी अवॉर्ड्स में बेस्ट फिल्म 2024 का अवॉर्ड भी मिला था।
परिणीति चोपड़ा के बारे में आपने ये खबर तो पढ़ ली। इसके साथ ही आप उनके बारे में ये खबर भी पढ़ सकते हैं कि एक्ट्रेस जब राघव चड्ढा से मिली थीं तो वो उनके बारे में कुछ नहीं जानती थीं और पहली मुलाकात के बाद ही गूगल कर उनके बारे में सब कुछ खंगाल लिया था।