परिणीति चोपड़ा और राघव चड्ढा आज दिल्ली के कपूरथला हाउस में एक दूसरे से सगाई कर रहे हैं। मुंबई में परिणीति का घर पहले ही सज चुका है और अब राघव चड्ढा के निवास स्थान पर भी जोर शोर से तैयारियां चल रही हैं। अपनी बहन की खुशियों में शामिल होने के लिए प्रियंका चोपड़ा भारत आ चुकी हैं। 13 मई की सुबह उन्हें दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया।
बहन की खुशियों में शामिल होने भारत आईं प्रियंका चोपड़ा
प्रियंका चोपड़ा ने लाइट ब्राउन रंग का आउटफिट पहना था और इसके साथ ब्लैक हैंड बैग और ब्लैक ही फुटवियर पहने थे। एयरपोर्ट से बाहर आते वक्त मीडिया ने उन्हें घेर लिया। इस दौरान प्रियंका ने कुछ कहा तो नहीं लेकिन हाथ जोड़ते हुए सबको ग्रीट किया। विरल भयानी ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर इसका वीडियो भी साझा किया है। पति निक जोनस और उनकी बेटी एयरपोर्ट पर साथ में नहीं नजर आए, लेकिन खबरों की मानें तो सगाई के कार्यक्रम में वह दोनों भी शामिल होने वाले हैं।
मनीष मल्होत्रा भी पहुंचे दिल्ली
परिणीति अपने खास दिन पर बॉलीवुड के मशहूर डिजाइनर मनीष मल्होत्रा का डिजाइन लहंगा पहनने वाली हैं। मनीष मल्होत्रा दिल्ली पहुंच चुके हैं। पैपराजी ने उन्हें एयरपोर्ट पर स्पॉट किया और सवाल पूछा कि परिणीति और राघव किस रंग का आउटफिट पहन रहे हैं। हालांकि मनीष मल्होत्रा ने इस बारे में कोई जानकारी नहीं दी है।
प्रियंका चोपड़ा की मां ने दी बधाई
प्रियंका चोपड़ा की मां ने अपनी भतीजी को सगाई की बधाई दी है। उन्होंने कहा कि वह राघव और परिणीति के रिश्ते से बहुत खुश हैं और दोनों को आशीर्वाद और शुभकामनाएं देती हैं।
ये होंगे गेस्ट
राघव-परिणीति की सगाई में कुल 150 लोग शामिल होंगे। परिवार के अलावा बॉलीवुड से परिणीति के खास दोस्त और राजनेता इस कार्यक्रम का हिस्सा बनेंगे। बात परिणीति के गेस्ट की करें तो मनीष मल्होत्रा के अलावा करण जौहर के इस सगाई में शामिल होने की खबर है। इन्हीं के साथ परिणीति की खास दोस्त सानिया मिर्जा भी इस फंक्शन का हिस्सा होंगी।