Oscar 2023: अपकमिंग एकेडमी अवॉर्ड्स के लिए विवेक रंजन अग्निहोत्री की फिल्म ‘द कश्मीर फाइल्स’ को शॉर्टलिस्ट किए जाने की खबर चर्चा में है। जहां एक तरफ विवेक अग्निहोत्री ने ट्वीट करके खुशी जाहिर की है कि उनकी फिल्म ऑस्कर की पहली लिस्ट के लिए शॉर्टलिस्ट हुई है वहीं दूसरी तरफ कई लोग इस पर सवाल उठा रहे हैं कि फिल्म अभी तक शॉर्टलिस्ट नहीं हुई है और अग्निहोत्री झूठ बोल रहे हैं। आखिर कौन सही है और कौन गलत है?

विवेक अग्निहोत्री का दावा

‘द कश्मीर फाइल्स’ के निर्देशक विवेक रंजन अग्निहोत्री ने ट्विटर पर दावा किया कि फिल्म को ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया था। उन्होंने यह भी ट्वीट किया कि पल्लवी जोशी, मिथुन चक्रवर्ती, दर्शन कुमार और अनुपम खेर सभी सर्वश्रेष्ठ अभिनेता श्रेणियों के लिए चुने गए हैं।

क्या यह दावा सच है?

एक सरसरी नज़र में देखा जाए तो, हाँ ये सही है। दरअसल द कश्मीर फाइल्स और कांतारा दोनों ही द एकेडमी अवार्ड्स 2023 की रिमाइंडर/पहली/पात्रता सूची में शामिल 301 फीचर फिल्मों में से एक है। लेकिन द कश्मीर फाइल्स और कांतारा के अलावा एक दर्जन भारतीय भाषा की फिल्मों (फीचर और डॉक्यूमेंट्री) ने इस लिस्ट में जगह बनाई है। तकनीकी रूप से ऑस्कर के लिए शॉर्टलिस्ट किए जाने और एलिमिनेशन लिस्ट में जगह बनाने के बीच अंतर है।

इस बीच, छेलो शो को ऑस्कर में भारत की तरफ से ऑफिशियल एंट्री के तौर पर भेजा गया है। वहीं आरआरआर, कंतारा, गंगूबाई काठियावाड़ी, रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट, विक्रांत रोना इत्यादि फिल्में अन्य भारतीय भाषाओं के लिए नॉमिनेशन के लिए भेजी गई हैं जो पहली लिस्ट में सेलेक्ट हो चुकी हैं।

पहली लिस्ट क्या है?

यह फिल्मों की एक लिस्ट है जो नॉमिनेशन के लिए विचार करने योग्य फिल्मों की लिस्ट होती है। अग्निहोत्री का यह दावा कि अनुपम खेर, मिथुन चक्रवर्ती और दर्शन कुमार को शॉर्टलिस्ट किया गया है ये भ्रामक है। वे केवल नामांकन के पात्र हैं। जैसा कि रॉकेट्री: द नंबी इफेक्ट के लिए आर माधवन और शाहरुख खान हैं, या विक्रांत रोना के लिए किच्चा सुदीप, या कांतारा के लिए ऋषभ शेट्टी। केवल लिस्ट में शामिल होना शॉर्टलिस्ट या नामांकन के बराबर नहीं है।

कौन सी फिल्में पहली लिस्ट में आती हैं?

  • अकादमी पुरस्कार पात्रता मानदंडों के अनुसार, एक फिल्म को तकनीकी और बॉक्स ऑफिस आवश्यकताओं को पूरा करना होता है। इसमें शामिल है:
  • कम से कम 40 मिनट का चलने का समय
  • निर्धारित ऑडियो और वीडियो मानकों के अनुरूप
  • यूएस मेट्रो के छह योग्य क्षेत्रों में से एक में पिक्चर की थियेटर में पेड स्क्रीनिंग

रिमाइंडर लिस्ट में उल्लेख किसी भी तरह से यह संकेत नहीं है कि फिल्म ऑस्कर की नामांकन सूची में जगह बनाने के लिए तैयार है।

कब होगा 95वां ऑस्कर समारोह?

95वां ऑस्कर समारोह रविवार, 12 मार्च, 2023 को होगा। यह शो ओवेशन हॉलीवुड के डॉल्बी थिएटर से एबीसी और दुनिया भर के 200 से अधिक क्षेत्रों में लाइव प्रसारित होगा।