मणिपुर हिंसा को लेकर लोक गायिका नेहा सिंह राठौर आए दिन पीएम मोदी से सवाल करती हैं कि वह क्यों वहां नहीं गए और पीड़ितों की हाल खबर ली। अब जब प्रधानमंत्री, अनंत अंबानी और राधिका मर्चेंट की शादी के बाद हुए शुभ आशीर्वाद समारोह में पहुंचे तो नेहा सिंह राठौर ने फिर उन्हें घेर लिया है। उनका कहना है कि ये ज्यादा जरूरी है।
नेहा सिंह राठौर ने ट्विटर पर अनंत अंबानी-राधिका मर्चेंट की शुभ आशीर्वाद सेरेमनी में एंट्री करते हुए पीएम मोदी का वीडियो शेयर करते हुए तंज कसा है। उन्होंने लिखा, “क्या अंबानी के लड़के की शादी मणिपुर से ज्यादा जरूरी है? आप मणिपुर क्यों नहीं गए?”
यूजर्स की प्रतिक्रिया
एक पत्रकार ने सवाल किया, “तुम मणिपुर क्यों नहीं गई? पश्चिम बंगाल में महिलाओं को बलात्कार करने के बाद उनके शव को जलाकर किस तरह मिट्टी में दफनाया जा रहा है। इस पर क्यों नहीं बोली।” पूर्व प्रदेश महामंत्री गौरव पराशर ने लिखा, “सुबह से विपक्ष के कई नेता अंबानी के यहां पहुंचे थे तब तुम शांत थी परंतु जैसे ही मोदी जी पहुंचे तुम लोगों का रोना शुरू हो गया, एक टॉपिक मिल गया। वैसे बंगाल में कितने विपक्ष के नेता गए थे?”
आपको बता दें कि कुछ दिन पहले कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी कुछ दिन पहले मणिपुर दौरे पर गए थे। इसे लेकर भी नेहा सिंह राठौर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा था। उन्होंने पूछा था कि वो कब मणिपुर जाएंगे, उन्होंने ट्विटर पर लिखा था, “अब तो नेता प्रतिपक्ष “कौन राहुल?” भी मणिपुर जा रहे हैं… आप कब जाएंगे? अपने ही देश के लोगों को आप इस तरह बेसहारा कैसे छोड़ सकते हैं? 18-18 घंटे आप करते क्या हैं?”
नेहा अक्सर सरकार पर निशाना साधती नजर आती हैं। हाल ही में लखनऊ के अकबरनगर ध्वस्त होने को लेकर भी ट्वीट किया। जो लोग अकबरनगर ध्वस्त होते हुए देख रहे थे। नेहा सिंह राठौर ने उनके लिए लिखा, “बुलडोजर का तमाशा देखने वालों… खुद तमाशा बनने को तैयार हो जाइए। लखनऊ में अकबरनगर को ध्वस्त करने के बाद अब बुलडोजर का मुंह पंतनगर की ओर घूम चुका है। चलेगा बुलडोजर तो गिरेंगे सभी के घर। यहां सिर्फ अब्दुल का मकान थोड़े ही है..! अब्दुल टाइट हो चुका है…अब आपकी बारी है।”