लोक गायिका नेहा सिंह राठौर भाजपा सरकार और खासकर प्रधानमंत्री पर निशाना साधने का एक भी मौका नहीं छोड़ती हैं। हाल ही में इटावा में चुनावी रैली के दौरान कहा कि उनके खुद के बच्चे नहीं हैं लेकिन वह जनता के बच्चों के लिए खप रहे हैं। इस बयान को लेकर नेहा सिंह राठौर ने एक बार फिर उन पर तंज कसा है। X ट्विटर पर उन्होंने पीएम की तुलना गब्बर से की है।
नेहा सिंह ने पीएम मोदी का बयान शेयर करते हुए लिखा, “बच्चे तो डाकू गब्बर सिंह के भी नहीं थे मोदी जी! पर उसके अपने शौक थे। मौका पाते ही ‘नाच बसन्ती नाच’ बोलने लगता था।” इसके अलावा नेहा सिंह राठौर ने पीएम मोदी के जवाहर लाल नेहरू को लेकर दिए बयान पर भी रिएक्शन दिया है। मोदी ने कहा था कि नेहरू भारतीयों को आसली समझते थे। इसपर नेहा ने लिखा, “अब एक हट्टा-कट्टा आदमी जवानी के दिनों में 35 साल तक भीख मांगेगा तो नेहरू जी और क्या कहेंगे?”
नेहा सिंह के ट्वीट पर लोगों के कमेंट्स आ रहे हैं। कोई उन्हें सपोर्ट कर रहा है तो कोई उन्हें ट्रोल कर रहा है। आलोक तिवारी नाम के एक यूजर ने नेहा सिंह से पूछा है कि बच्चे तो राहुल गांधी के भी नहीं हैं, क्या वो भी गब्बर हैं? एक यूजर ने नेहा का वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह डीजे पर नागिन गाने पर डांस कर रही हैं। इसके साथ ही उसने लिखा कि गाना बजते ही बसंती ने नाचना शुरू कर दिया।
इसके अलावा नेहा सिंह राठौर ने पीएम मोदी प्रज्ज्वल रेवन्ना मामले में भी सवाल किया है। उन्होंने लिखा है, “प्रज्ज्वल रेवन्ना मामले का क्या हुआ? ये महाशय पकड़े गये या साथियों ने मामले को दबा दिया? सैकड़ों महिलाओं के बलात्कारी को सजा कब मिलेगी?”
क्या बोले थे पीएम मोदी
इटावा रैली के दौरान पीएम मोदी ने कहा कि वह भारत के लिए आने वाले पांच साल ही नहीं बल्कि 25 वर्षों का रास्ता बना रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह ये सब इसलिए कर रहे हैं वह चाहे न भी रहें देश हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा, “मोदी किसके लिए खप रहा है? मैंने तो अपने आगे पीछे कुछ रखा ही नहीं। योगी जी भी वैसे ही हैं। हमारे तो बच्चे हैं नहीं, हम खप रहे हैं आपके बच्चों का भविष्य बनाने के लिए।”