‘यूपी में का बा’ गाकर मशहूर हुई नेहा सिंह राठौर अपने तीखे बयान के लिए जानी जाती हैं। लोक गायिका नेहा सिंह राठौर अक्सर सरकार पर निशाना साधती नजर आती हैं। अब हाल ही में उन्होंने ट्वीट करके एक बार फिर उन लोगों पर तंज कसा है जो लखनऊ के अकबरनगर ध्वस्त होते वक्त तमाशा देख रहे थे। नेहा सिंह राठौर ने ट्वीट करके क्या कहा है आइए पढ़ते हैं।

नेहा लिखती हैं:

बुलडोज़र का तमाशा देखने वालों…
ख़ुद तमाशा बनने को तैयार हो जाइए।

लखनऊ में अकबरनगर को ध्वस्त करने के बाद अब बुलडोज़र का मुँह पंतनगर की ओर घूम चुका है।

चलेगा बुलडोज़र तो गिरेंगे सभी के घर
यहाँ सिर्फ़ अब्दुल का मकान थोड़े ही है..!

अब्दुल टाइट हो चुका है…अब आपकी बारी है।

दरअसल लखनऊ के अकबरनगर इलाके में बसी बस्ती पर बुलडोजर चलवाकर यूपी सरकार ने वो इलाका खाली करवा दिया है। सीएम योगी इस क्षेत्र का पुनरुद्धार का करना चाहते थे और इस इलाके को खाली कराकर इसे इको टूरिज्म का हब बनाने का फैसला लिया। उस पर तेजी से काम हुआ और बहुत जल्द पूरा इलाका मलबे में तब्दील हो गया। मुस्लिम बाहुल्य इलाका होने की वजह से कई लोगों ने इस बात का मजाक बनाया था मगर अब पंतनगर की ओर बुलडोजर चलने की खबर पर नेहा ने ऐसे लोगों पर तंज कसा है।

लखनऊ के कुकरैल रिवरफ्रंट के दायरे में अब रहीमनगर, खुर्रमनगर के साथ इंद्रप्रस्थनगर और पंतनगर के भी करीब एक हजार मकान आ रहे हैं। अब यहां के मकानों को चिन्हित करके इनपर भी बुलडोजर चलाने के आदेश हैं। वहां के लोग परेशान हैं और उनका कहना है कि वो मकान से नहीं निकलेंगे भले ही उनके ऊपर बुलडोजर चढ़ जाए। इसी मामले पर नेहा सिंह राठौर ने अपनी राय रखी है और कहा है कि जब सरकार ऐसे फैसले लेती है तो फिर मुस्लिम के साथ हिंदू को भी इसका खामियाजा भुगतना पड़ता है।