कुछ दिनों पहले भारतीय जनता पार्टी के विधायक विजय शाह ने कर्नल सोफिया कुरैशी पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इसके बाद अब मध्यप्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने भारतीय सेना को लेकर अजीबो गरीब बयान दे दिया, जिसे लेकर तमाम लोग अपनी नाराजगी जाहिर कर रहे हैं। उन्होंने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की तारीफ करने के बाद पीएम मोदी को धन्यवाद देते हुए कहा था कि पूरा देश और सेना उनके चरणों में नतमस्तक है। हालांकि अब उन्होंने अपने बयान पर सफाई दी है, लेकिन लोक गायिका नेहा सिंह राठौर ने एक्स पर उनकी निंदा करते हुए एक बार फिर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है।
नेहा ने एक वीडियो एक्स पर शेयर किया है, जिसमें वो कह रही हैं कि देश और भारतीय सेना का अपमान करने में भाजपा नेताओं का कोई जोड़ नहीं है। इसके बाद वो जगदीश देवड़ा के बयान का जिक्र करते हुए भड़क रही हैं। उन्होंने अपने वीडियो के कैप्शन में लिखा है, “नरेंद्र मोदी इस देश के मालिक नहीं हैं…और भारतीय सेना किसी के सामने नतमस्तक नहीं होती। भाजपा के नेताओं को अपनी जुबान पर लगाम लगानी चाहिए। जगदीश देवड़ा और विजय शाह जैसे लोग ऊंचे पदों पर बैठकर सेना का अपमान कर रहे हैं और भाजपा उन्हें बचा रही है।”
आपको बता दें कि हाल ही में तिरंगा यात्रा के दौरान जयपुर में विधायक बालमुकुंदाचार्य को तिरंगे से चेहरा साफ करते देखा गया था। इसे लेकर भी नेहा सिंह राठौर ने सरकार पर जमकर निशाना साधा था। उन्होंने विधायक बालमुकुंदाचार्य की तस्वीर शेयर करते हुए लिखा था, “भाजपा की तिरंगा यात्रा शुरू हो चुकी है। जो काम भाजपा के विधायक तिरंगे के साथ कर रहे हैं…वही काम भाजपा पूरे देश के साथ कर रही है। खुद देखिए…” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें..ॉ
इसके अलावा विजय शाह के कर्नल सोफिया कुरैशी पर दिए बयान की भी नेहा सिंह राठौर ने निंदा की थी और एक वीडियो भी पोस्ट किया था। अपनी पोस्ट में नेहा ने कैप्शन में लिखा था, “देश की बेटी कर्नल सोफिया क़ुरैशी के लिए बेहद अपमानजनक बयान देने वाले भाजपा मंत्री विजय शाह को अभी तक बर्खास्त नहीं किया गया है, कोई FIR भी नहीं दर्ज की गई है। क्या भाजपा को विजय शाह के बयान से कोई आपत्ति नहीं है? क्या भाजपा विजय शाह के बयान से सहमत है?” पूरी खबर पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें…