लोक गायिका नेहा सिंह राठौर किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। बिहार में का बा?, UP में का बा? जैसे गाने गाकर सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोरने वालीं लोक गायिका नेहा सिंह राठौर बेरोजगारी, बेटी बचोओ और भ्रष्टाचार सहित अन्य मुद्दों पर खुलकर अपनी बात रखती नजर आती हैं।

लोक गायिका एक्स (पूर्व ट्विटर) पर काफी एक्टिव रहती हैं। वह आए दिन अपने पोस्ट के माध्यम से निशाना साधती रहती हैं। इसी बीच नेहा सिंह का एक पोस्ट काफी वायरल हो रहा है, जिसमें वह भोजपुरी एक्टर और दिल्ली से सांसद मनोज तिवारी पर महिलाओं का अपमान करने का आरोप लगाती नजर आ रही हैं।

नेहा सिंह राठौर ने साधा मनोज तिवारी पर निशाना

यूपी में काबा फेम नेहा सिंह राठौर ने एक्स पर मनोज तिवारी का एक गाना पोस्ट किया है। जिसमें भोजपुरी एक्टर हाथ में माला पकड़े हैं और भगवा रामनामी ओढनी पहने हुए हैं। गाना शेयर करते हुए नेहा सिंह ने लिखा कि “बेबी बीयर पीके नाचे लगली छम्मक-छम्मक छम…। भाजपा सांसद मनोज तिवारी जी भगवा रामनामी ओढ़कर माला फेरते हुए लड़कियों को माल और पटाखा बोल रहे हैं। दूसरे दृश्य में एक पंडित जी को भी साथ ले लिया है और छेड़खानी जारी रखे हुए हैं। भाजपा के सांसद मनोज तिवारी ने महिलाओं के अपमान का अलग इतिहास रचा है।”

नेहा सिंह ने आगे लिखा कि “इनके जैसे चुडुक्के (घटिया/फूहड़) और अश्लील लोगों को सांसद बनाकर, संसद पहुंचाकर भाजपा ने भी इतिहास ही रचा है। दीपिका पादुकोण के भगवा पहनने पर तो पूरा हिन्दू धर्म ख़तरे में आ गया था। जो आदमी हिन्दू धर्म का अपमान कर रहा है, उसे आप लोग संसद क्यों भेजना चाहते हैं?”

दीपिका पादुकोण के भगवा पहनने पर हुआ था विवाद

बता दें कि जब शाहरुख खान की फिल्म पठान रिलीज हुई थी, तो इसके गाने बेशर्म रंग को लेकर काफी विवाद हुआ था। गाने में एक्ट्रेस भगवा रंग की बिकनी में नजर आई थीं। हिंदू संगठनों ने इसको लेकर आपत्ति दर्ज कराई थी। गाने को देखने के बाद सोशल मीडिया पर शाह रुख खान और दीपिका की कड़ी आलोचना हुई थी और फिल्म को बायकॉट करने का ट्रेंड शुरू हो गया था।