मुमताज अपने जमाने की बेहद खूबसूरत और टैलेंटेड अदाकारा रही हैं। मुमताज की जोड़ी फिल्मी पर्दे पर राजेश खन्ना के साथ खूब पसंद की गई। वहीं ऑफ स्क्रीन दोनों कलाकारों की इतनी अच्छी जमती थी कि कई बार लोगों को भ्रम हो गया था कि मुमताज और राजेश खन्ना रिलेशनशिप में हैं। हालांकि दोनों के बीच हमेशा दोस्ती ही रही। ऐसे ही मुमताज का नाम शम्मी कपूर से भी जुड़ा था। तो वहीं यश चोपड़ा से भी एक्ट्रेस मुमताज के अफेयर के किस्से मशहूर हुए थे।
ये वो वक्त था जब मुमताज यश चोपड़ा के साथ एक फिल्म में काम कर रही थीं। मुमताज और यश चोपड़ा की प्रेमकहानी के किस्से 1970 में चर्चा में आए। यश चोपड़ा उस वक्त फिल्म ‘आदमी और इंसान’ बना रहे थे। इस फिल्म में मेन रोल में सायरा बानो थीं। वहीं मुमताज को भी फिल्म में लिया गया था। लेकिन फिल्म में मुमताज का रोल काफी छोटा था। फिर भी मुमताज ने फिल्म साइन कर ली थी। अब फिल्म में तो सायरा बानो लीड एक्ट्रेस थीं वहीं मुमताज साइड हीरोइन बन कर सामने आईं।
लेकिन फिर कुछ ऐसा हुआ कि यश चोपड़ा ने इस फिल्म में मुमताज को भी लीड बना कर पेश किया। दरअसल, यश मुमताज पर फिदा हो गए थे। ऐसे में उन्होंने फिल्म में मुमताज का रोल बढ़ा दिया। इसके बाद से तो मुमताज भी यश चोपड़ा से काफी इंप्रेस हो गई थीं।
इस बीच यश चोपड़ा ने शादी करने का फैसला कर लिया। यश ने शादी के लिए लड़की तो ढूंढ ही ली थी। वहीं मुमताज भी खुश थीं। जब बात आगे बढ़ाने के लिए यश चोपड़ा ने अपने भाई बीआर चोपड़ा को रिश्ता लेकर मुमताज के घर भेजा तो एक्ट्रेस के घरवालों ने यश चोपड़ा के रिश्ते को ठुकरा दिया।
मुमताज का हाथ मांगने उनके घर पहुंचे यश के भाई को इस बात से काफी हैरानी हुई। तब मुमताज के परिवार ने कहा कि वे अभी मुमताज की शादी नहीं करवाएंगे क्योंकि उन्हें अभी अपने फिल्मी करियर की ओर ध्यान देना है। उनका करियर बढ़िया चल रहा है, अगर वह अभी शादी कर लेंगी तो उन्हें करियर में काफी नुकसान हो सकता है।
मुमताज के परिवार से ये सुनकर बीआर चोपड़ा घर वापस आ गए। बाद में जब यश चोपड़ा ने देखा कि इससे किसी को कोई फर्क नहीं पड़ा तो वह भी साइड हो गए। पर यश चोपड़ा ने शादी करने का फैसला तो किया था ऐसे में उन्होंने पामेला से शादी कर ली। वहीं यश चोपड़ा की शादी के एक साल बाद ही मुमताज ने भी शादी कर ली थी। मुमताज की शादी एक बिजनेसमैन से हुई थी, जिसके बाद उन्होंने फिल्मी दुनिया से किनारा कर लिया था।