Rishi Kapoor, Irrfan Khan: फिल्म इंडस्ट्री को दो दिन में लगातार दो झटके लगे। पहले इरफान खान (Irrfan Khan) का निधन हो गया। इसके एक दिन बाद ही ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) दुनिया को अलविदा कह गए। दोनों दिग्गज अभिनेताओं के निधन से लोग दुखी हैं और सोशल मीडिया पर अपनी प्रतिक्रिया जाहिर कर रहे हैं। इस बीच सुप्रीम कोर्ट के पूर्व जज मार्कंडेय काटजू ने दोनों एक्टर्स के निधन से जुड़ा एक ट्वीट किया, जिसके बाद वे ट्रोल होने लगे।

जस्टिस काटजू ने शुक्रवार की सुबह ट्वीट किया और लिखा, ‘ तो तमाम लोगों के लिए दो फिल्म स्टार्स का निधन बहुत बुरी खबर है और वे आंसू बहा रहे हैं, लेकिन भूख से परेशान करोड़ों प्रवासी मजदूरों की तकलीफ उनके लिए कोई मायने नहीं रखती है… धन्य हो’। इस ट्वीट के बाद मार्कंडेय काटजू लोगों के निशाने पर आ गए। आशना नाम की एक ट्विटर यूजर ने लिखा ‘गुड मॉर्निंग अंकल निगेटिव। यह आश्चर्यजनक है कि इस उम्र में भी एक व्यक्ति कितना निगेटिव हो सकता है…’।

एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘आखिर में सभी जज फ्रस्टेट हो जाते हैं, क्योंकि वे इस सच्चाई से रूबरू हो चुके होते हैं कि वे कुछ नहीं कर सकते हैं। बस एक मशीन बन कर रह जाते हैं, जो एल्गोरिद्म को फॉलो करती है। वहीं, इरफत खान नाम की एक यूजर ने लिखा, ‘सर दोनों दो चीजें हैं, हम दो बेहतरीन अभिनेताओं के जाने का दुख मना रहे हैं, लेकिन मजदूरों की तकलीफ को लेकर भी आवाज उठाई है…’

एक अन्य यूजर ने लिखा, ‘परिवार के किसी सदस्य को खोने का दर्द अमीर, गरीब और सबके लिए बराबर है। आप जजमेंटल मत बनिए…’। देबब्रत दत्त नाम के एक यूजर ने लिखा, ‘ऐसा बिल्कुल नहीं है सर। कृपया बताइए कि हम डोनेशन के अलावा मजदूरों के लिए क्या कर सकते हैं। आपके अंदर उन फिल्म स्टार्स के लिए संवेदनशीलता नहीं होगी, लेकिन हमारे अंदर है। उनकी तमाम फिल्मों ने भ्रष्टाचार, असंवेदनशीलता और अत्याचार के प्रति लोगों की आंखें खोली हैं…’। आपको बता दें कि इरफान खान का 29 अप्रैल को निधन हुआ था। एक दिन बाद यानी, 30 अप्रैल को ऋषि कपूर का भी देहांत हो गया।