भोजपुरी फिल्मों की पूरे उत्तर भारत में जबरदस्त लोकप्रियता है। कुछ भोजपुरी स्टार भी पूरे उत्तर भारत में लोकप्रिय हैं। ऐसे ही एक भोजपुरी अभिनेता और सिंगर हैं मनोज तिवारी। मनोज तिवारी नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से सांसद भी हैं। बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी महंगी गाड़ियों के भी शौकीन हैं।

करोड़ों की संपत्ति के हैं मालिक : 2019 में दिए गए चुनावी हलफनामे के मुताबिक मनोज तिवारी करोड़ों की संपत्ति के मालिक हैं। उनके पास 24 करोड़ से अधिक रूपयों की संपत्ति है जिसमें 8.5 करोड़ रुपए की चल संपत्ति और 15 करोड़ से अधिक रुपए की अचल संपत्ति शामिल है। इसके अलावा मनोज तिवारी पर 1.36 करोड रुपयों की देनदारी भी है।

मुंबई के अंधेरी में है फ्लैट : मुंबई के अंधेरी में मनोज तिवारी का 4 बीएचके ट्रिपल टेैरेस फ्लैट है। यह फ्लैट मनोज तिवारी ने 2010 में खरीदा था। इस फ्लैट में रखी हर एक चीज को मनोज तिवारी ने खुद अपने हाथों से खरीदा और सजाया है। इसके अलावा मनोज तिवारी पर कृषि और गैर कृषि जमीन भी है।

महंगी गाड़ियों के शौकीन : मनोज तिवारी साइकिल से भी संसद जा चुके हैं लेकिन वो महंगी गाड़ियों के बेहद शौकीन हैं। चुनावी हलफनामे के मुताबिक उनके पास मर्सिडीज, ऑडी, फॉर्च्यूनर, होंडा सिटी, इनोवा जैसी गाड़ियां है। इसके अलावा मनोज तिवारी के पास 134 ग्राम सोना है जिसकी कीमत 4 लाख रुपए बताई गई है।

दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष रह चुके हैं मनोज तिवारी : बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी से पढ़े मनोज तिवारी अब राजनीति में बेहद सक्रिय हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में मनोज तिवारी दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को चुनाव हराकर संसद पहुंचे थे। नॉर्थ ईस्ट दिल्ली से बीजेपी के सांसद मनोज तिवारी दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। मनोज तिवारी दिल्ली बीजेपी का बड़ा पूर्वांचली चेहरा माने जाते हैं। बीजेपी से पहले मनोज तिवारी समाजवादी पार्टी में भी रह चुके हैं।

फिल्मों के अलावा मनोज तिवारी बिग बॉस के घर के सदस्य भी रह चुके हैं। वो 2010 में बिग बॉस सीजन-4 में घर के सदस्य बने थे।  इस दौरान मनोज तिवारी की घर की अन्य प्रतिभागी श्वेता तिवारी के साथ अफेयर की खबरें भी खूब आई थीं। बिग बॉस सीजन 4 में मनोज तिवारी की डॉली बिंद्रा से कई बार लड़ाई भी हुई थी।