मलाइका अरोड़ा के सौतेले पिता, अनिल मेहता का 11 सितंबर, 2024 अपनी बिल्डिंग की छठी मंजिल से गिरने से निधन हो गया था। इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कुछ दिनों बाद 23 सितंबर को मुंबई के सांताक्रूज के एक गुरुद्वारे में उनके पिता के लिए प्रेयर मीट रखी गई थी, जिसमें मलाइका अरोड़ा और उनकी बहन अमृता अरोड़ा अपनी मां के साथ नजर आईं। इनके अलावा उनके करीबी लोगों ने भी ये प्रार्थना सभा अटेंड की।
अनिल मेहता की प्रेयर मीट की तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें मलाइका अपनी मां जॉयस पोलीकार्प और बेटे अरहान खान के साथ नजर आईं। अमृता भी अपने पति बिजनेसमैन शकील लदाक और बेटों के साथ दिखीं। मलाइका के कथित एक्स बॉयफ्रेंड अर्जुन कपूर उनके पिता के निधन वाले दिन भी हर पल उनके साथ थे और प्रेयर मीट पर भी वो गुरुद्वारे पहुंचे थे। करीना कपूर और अर्जुन कपूर को एक साथ देखा गया। मलाइका के पूर्व पति अरबाज खान भी इस सभा के लिए पहुंचे थे।
कथित तौर पर मलाइका के सौतेले पिता ने बिल्डिंग की छठी मंजिल से कूदकर आत्महत्या की थी। इस घटना से उनकी पत्नी यानी मलाइका की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। जैसे ही ये खबर फैली, सबसे पहले मौके पर अरबाज खान नजर आए। बताया गया कि मलाइका उस वक्त पुणे में थीं और सब छोड़कर वह वापस मुंबई लौटीं।
पिता के निधन के बाद मलाइका ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया। जिसमें उन्होंने लिखा, “हमें अपने प्रिय पिता अनिल मेहता के निधन के बारे में बताते हुए बहुत दुख हो रहा है। वह एक सौम्य आत्मा, एक अच्छे नाना, एक प्यारे पति और हमारे सबसे अच्छे दोस्त थे। इस नुकसान से हमारा परिवार गहरे सदमे में है, और हम इस कठिन समय के दौरान मीडिया और शुभचिंतकों से प्राइवेसी का अनुरोध करते हैं। हम आपकी समझ, समर्थन और सम्मान की सराहना करते हैं। आभार के साथ, जॉयस, मलाइका, अमृता, शकील, अरहान, अज़ान, रेयान, कैस्पर, एक्सल, डफी और बडी।”
