आज यानी 26 फरवरी को महाशिवरात्रि का त्योहार मनाया जा रहा है। देश के हर कोने में भोलेनाथ के नाम के जयकारे लग रहे हैं और मंदिरों में भक्तों की भीड़ लगी है। भगवान शिव की शक्ति के गुणगान हर तरफ हो रहे हैं, ऐसे में फिल्म इंडस्ट्री भी पीछे नहीं है। बॉलीवुड में भी भोलेनाथ के बड़े भक्त हैं, अजय देवगन, अक्षय कुमार समेत कई ऐसे एक्टर्स हैं जो शिव की पूजा करते हैं। आज हम इस पावन दिन पर उन एक्टर्स के बारे में बताने जा रहे हैं जो भगवान शिव की भक्ति में लीन हैं।
अजय देवगन
इस लिस्ट में सबसे पहला नाम बॉलीवुड के सिंघम अजय देवगन का है। वो भगवान शिव के भक्त हैं और इतना ही नहीं उन्होंने भोलेनाथ का टैटू भी बनवाया है। उन्होंने भगवान शिव से प्रेरित फिल्म ‘शिवाय’ भी बनाई थी। वो अपने इंस्टाग्राम पर भी भगवान शिव की तस्वीर शेयर करते रहते हैं।
संजय दत्त
इस लिस्ट में दूसरा नाम संजय दत्त का है, हर साल की तरह इस बार भी वो शिवरात्रि पर भोलेनाथ की पूजा कर रहे हैं। उन्होंने भी अपनी बाजू पर भोलेनाथ का टैटू बनवाया हुआ है। उनका टैटू संस्कृत में है जिसका अर्थ है ‘ॐ नमः शिवाय’।
कुणाल खेमू
कुणाल खेमू शिव के इतने बड़े भक्त हैं कि महाशिवरात्रि से एक दिन पहले ही उनके घर में पूजा की सारी तैयारियां हो गई थी। उनकी पत्नी एक्ट्रेस सोहा अली खान ने अपने घर में पूजा की तस्वीरें इंस्टाग्राम पर शेयर की थी। कुणाल ने भी अपनी बाजू पर शिवजी का टैटू बनवाया है।
कंगना रनौत
कंगना रनौत भगवान को बहुत मानती हैं और अक्सर इसके बारे में बात भी करती हैं। वो मंदिरों से अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। वो शिवलिंग की पूजा करते हुए अपनी तस्वीर साझा कर चुकी हैं।
ऋतिक रोशन
बॉलीवुड एक्टर ऋतिक रोशन का भी भगवान शिव में अटूट विश्वास है। रिपोर्ट्स की मानें तो कोई भी नया काम शुरू करने से पहले वो भोलेनाथ का आशीर्वाद लेते हैं। उनके पिता राकेश रोशन भी पूजा अर्चना में काफी विश्वास रखते हैं।
टाइगर श्रॉफ
एक्टर टाइगर श्रॉफ ना केवल भोलेनाथ की पूजा करते हैं बल्कि शिवरात्रि पर व्रत भी रखते हैं। उन्होंने अपनी डेब्यू फिल्म से पहले काशी विश्वनाथ जाकर भोलेनाथ का आशीर्वाद भी लिया था।