बॉलीवुड एक्ट्रेस कंगना रनौत फिल्मों के साथ-साथ राजनीति में भी हिट हो गई हैं। कंगना रनौत मंडी लोकसभा सीट चुनावी मैदान में हैं, और उन्होंने भारी मतों के साथ कांग्रेस उम्मीदवार विक्रमादित्य को हरा दिया है। रुझानों को दिख रही जीत से कंगना रनौत बेहद खुश हैं। कंगना रनौत की जीत पक्की हो गई है। उन्होंने इस खास दिन मां का आशीर्वाद लिया और घर पर भी भगवान की पूजा अर्चना की। इसी बीच कंगना ने मीडिया से बातचीत की। उनका बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

कंगना रनौत ने विक्रमादित्य पर कसा तंज

कंगना रनौत ने ANI से बात करते हुए कहा कि ‘उनको अब ओछी बातें करने का खामियाजा भुगतना पड़ेगा। किसी महिला के बारे में ऐसी ओछी बातें करना… जिस तरह से आज भारतीय जनता पार्टी को मंडी से लीड मिली है, बेटियों का ये अपमान मंडी की जनता ने ठीक से नहीं लिया है। जहां तक मेरे मुंबई जाने का सवाल है। मेरी तो यह जन्मभूमि है। यहां मैं लोगों की सेवा में तत्पर रहूंगी।’

एक्ट्रेस ने आगे कहा कि ‘जिस तरह से मोदी जी का सपना है। सकता साथ सबका विकास। मैंने हमेशा से कहा है कि उनकी सेना बनकर काम करूंगी। तो मैं कहीं नहीं जा रही हूं। हो सकता है कि किसी और को अपने बैग पैक करके कहीं जाना पड़े। मैं कहीं नहीं जा रही।’

विक्रमादित्य और कंगना की जुबानी जंग

बता दें कि कांग्रेस नेता विक्रमादित्य सिंह पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह के बेटे हैं। कंगना रनौत और विक्रमादित्य के बीच मुकाबला बेहद दिलचस्प रहा। दोनों ने एक-दूसरे पर जमकर निशाना साधा। एक्ट्रेस ने विक्रमादित्य को शहजादा, सत्ता के भूखे, चोर और महिला विरोधी बताया था। वहीं कांग्रेस नेता विक्रमादित्य ने बॉलीवुड की क्वीन कंगना को कहा था वो मंडी की नहीं मुंबई की हैं। चुनावी दौरा खत्म होने के बाद मुंबई चली जाएंगी, वो यहां सिर्फ मनोरंजन के लिए आई हैं। बता दें कि 1951 से अभी तक मंडी सीट पर 17 बार लोकसभा चुनाव हुए हैं, जिसमें 11 बार कांग्रेस ने जीत दर्ज की है।

वहीं कंगना रनौत के वर्कफ्रंट की बात करें तो उनको आखिरी बार फिल्म ‘तेजस’ में देखा गया था। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप साबित हुई थी। वहीं जल्द ही वह ‘इमरजेंसी’ में नजर आएंगी।