मणिपुर में महिलाओं के साथ हुई बरबर्ता को देख हर कोई बेहद दुखी है। इसी बीच मणिपुर की बेटी और जानी-मानी पर्यावरणविद लिसिप्रिया कांगुजाम ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ अपनी नाराजगी जाहिर की है। बॉलीवुड एक्टर और फिल्म क्रिटिक कमाल राशिद खान उर्फ केआरके ने भी इसे लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधा है।
दरअसल केआरके ने एक खबर का स्क्रीनशॉट शेयर किया है, जिसमें लिखा है कि लिसिप्रिया कांगुजाम ने पीएम मोदी से कहा है ‘मणिपुर को नरक बनाने के लिए धन्यवाद मोदीजी’। इस खबर को शेयर करते हुए केआरके ने लिखा है,”आज मणिपुर की बेटियां कह रही हैं और कल सारा इंडिया यही कहेगा।”
इससे पहले भी केआरके ने एक अन्य ट्वीट में लिखा,”जो भी मणिपुर में हो रहा है, वो बेहद शर्मनाक और घिनोना है। यह अत्याचार देखकर भी जो लोग चुप हैं, वो एक नंबर के बेशरम हैं। उनको इंसान कहलाने का कोई हक नहीं है।”
कौन हैं लिसिप्रिया?
लिसिप्रिया मणिपुर की रहने वाली हैं और पर्यावरण के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहती हैं। साल 2019 में उन्हें अंतरराष्ट्रीय बाल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके बाद अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सम्मानित करने के लिए चुना गया था। इसे लेकर सीएम योगी ने ट्विटर पर लिखा था, “लिसिप्रिया एक पर्यावरण कार्यकर्ता हैं। साल 2019 में उन्हें डॉक्टर एपीजे अब्दुल कलाम चिल्ड्रेन अवॉर्ड, विश्व बाल शांति पुरस्कार और भारत शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। क्या आप उन जैसी किसी को जानते हैं? #SheInspiresUs हैशटैग के साथ हमें बताइए।”
लिसिप्रिया ने उनका नाम सम्मानित करने को चुनने के लिए सरकार को धन्यवाद तो किया। लेकिन पुरस्कार लेने से इनकार कर दिया था। उन्होंने लिखा था,”प्रिय नेताओं और राजनीतिक पार्टियों, मुझे इसके लिए तारीफ नहीं चाहिए। इसके बजाय अपने सांसदों से कहिए कि मौजूदा संसद सत्र में मेरी आवाज उठाएं। मुझे अपने राजनीतिक लक्ष्य और प्रोपेगैंडा साधने के लिए कभी इस्तेमाल मत कीजिएगा। मैं आपके पक्ष में नहीं हूं।”
अन्य ट्वीट में उन्होंने लिखा था,”प्रिय नरेंद्र मोदी जी, अगर आप मेरी आवाज़ नहीं सुनेंगे तो कृपया मुझे सेलिब्रेट मत कीजिए। अपनी पहल #SheInspiresUs के तहत मुझे कई प्रेरणादायी महिलाओं में शामिल करने के लिए शुक्रिया। कई बार सोचने के बाद मैंने यह सम्मान ठुकराने का फ़ैसला किया है। जय हिंद!”
अब क्या बोलीं लिसिप्रिया?
मणिपुर में हुई घटना को लेकर उन्होंने ट्विटर पर लिखा है,”मणिपुर को नरक बना देने के लिए शुक्रिया मोदीजी। आपकी चुप्पी आग में घी का काम कर रही है।”
मणिपुर में कुकी-जोमी समुदाय की दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर घुमाते हुए वीडियो इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है। उन महिलाओं के साथ न केवल बेशर्म की गई बल्कि उनका गैंग रेप भी किया गया।