बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के मुंबई स्थित घर के बाहर कुछ दिन पहले ही गोलीबारी हुई थी। इस घटना के बाद से ही पुलिस अलर्ट है। इसी बीच पुलिस को एक धमकीभरा कॉल आया है। एक अज्ञात व्यक्ति ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को फोन किया। कॉलर ने कहा कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का आदमी मुंबई आकर एक बड़ी घटना को अंजाम देने वाला है। इसके बाद फोन कट गया।
यह मामला शनिवार का बताया जा रहा है। रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने बताया कि धमकी भरा कॉल मिलने के बाद कंट्रोल रूम ने तुरंत स्थानीय पुलिस स्टेशन से संपर्क किया। उन्हें मामले की जानकारी दी। वहीं, शुक्रवार (19 अप्रैल) को ही उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद के एक 20 वर्षीय लड़के को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस ने एक युवक को किया गिरफ्तार
मालूम हो कि सलमान खान के घर के बाहर हुई फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई के भाई का नाम सामने आया था। बताया गया था कि शूटर अनमोल बिश्नोई के संपर्क में थे। इससे पहले एक कैब गैलेक्सी अपार्टमेंट पहुंच गई थी। जांच में पता लगा था कि ये कैब गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के नाम से बुक की गई थी।
इसकी सूचना के बाद पुलिस ने कैब चालक को हिरासत में लिया था। बाद में यूपी पुलिस ने एक लड़के को गिरफ्तार करते हुए बताया कि पूछताछ में पता चला कि वह प्रैंक कर रहा था, जिसके लिए उसने बिश्नोई के नाम से कैब बुक की।
पुलिस ने हमलावरों को किया गिरफ्तार
वहीं मुंबई पुलिस इस वक्त अलर्ट मोड़ पर है। पुलिस ने सलमान खान के घर के बाहर फायरिंग करने वाले दो आरोपियों को गुजरात से अरेस्ट किया था। विक्की गुप्ता (24 साल) और सागर पाल (21 साल) नाम के आरोपियों को कच्छ में गिरफ्तार करने के बाद मुंबई लाया गया। बता दें कि हमला करने से पहले आरोपियों ने 3 बार रेकी की थी। दोनों आरोपी बिहार के चंपारण के रहने वाले निकले। सलमान के घर हुई फायरिंग की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए लिया था. उसने कहा था कि ये हमला तो सिर्फ ट्रेलर है। फायरिंग के बाद मुंबई पुलिस ने सलमान के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई है।