Lata Mangeshkar: बॉलीवुड की स्वर कोकिला लता मंगेशकर अस्पताल में एडमिट हैं। हालांकि पहले की अपेक्षा उनकी हालत में लगातार सुधार हो रहे हैं। अब दीदी की सेहत में काफी सुधार है। खबर है कि लता मंगेशकर को आईसीयू से 10 दिन पहले ही हटा लिया गया था।  दिन-ब-दिन लता मंगेशकर की सेहत में सुधार हो रहा है। अभी लतादीदी के फिजीशियन डॉक्टर प्रतीत समदानी हैं। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री बनने के बाद शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे भी उनसे मिलने मुंबई के ब्रीच कैंडी हॉस्पिटल गए थे। उन्होंने बताया कि लता दीदी ने उनसे सिर्फ कुछ लाइनें बतौर जवाब में कहीं, बाकी अभी वह स्वास्थ्य लाभ के लिए अस्पताल में ही रहेंगी।

कब तक उनको अस्पताल से छुट्टी मिलेगी ये अभी साफ नहीं हो पाया है। लता दीदी के बारे में ताजा खबर देते हुए बॉलीवुड हंगामा ने अपडेट किया है कि वह अब बहुत तेजी से ठीक हो रही हैं। फैमिली सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि उन्हें अभी तक इसलिए हॉस्पिटल में रखा गया है ताकि वह अपने अंदर स्टैमिना जुटा सकें। इसके अलावा डॉक्टरों को ये भी डर है कि कहीं उन्हें दोबारा इंफेक्शन न हो जाए। इसलिए हॉस्पिटल में भी काफी ऐहतियात बरता जा रहा है। लता दीदी अब परिवार वालों से बात भी कर रही हैं लेकिन बाहरी लोगों को अभी भी मिलने नहीं दिया जा रहा क्योंकि वह बातचीत और औपचारिकताओं के कारण थकावट महसूस कर सकती हैं। ये जानकारी उनके परिवार के करीबी सूत्रों ने दिया।

उनकी भतीजी रचना शाह लगातार लता दीदी के चाहने वालों को उनके स्वास्थ्य को लेकर जानकारिया दे रही हैं। रचना शाह के हवाले से समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि उनकी तबीयत ठीक हो रही है। और हम लोग बहुत खुश हैं। वहीं लताजी के अस्पताल से डिस्चार्च होने को लेकर रचना ने कहा, उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज करवाना ज्यादा जरूरी नहीं है। जरूरी ये है कि वो कैसे ठीक हो रही हैं। हाल ही में स्वर कोकिला लता मंगेशकर से मिलकर लौटे फिल्ममेकर मधुर भंडारकर ने हेल्थ अपडेट्स दिए थे। अपने 14 नवंबर के एक ट्वीट में मधुर ने बताया कि उनकी हालत स्थिर है और वे उसमें लगातार सुधार हो रहा है। इससे पहले फिल्म निर्माता तनुज गर्ग ने बताया था कि स्वरकोकिला पहले से बेहतर हैं और अगले हफ्ते तक उनकी घर वापसी हो सकती है।

मालूम हो कि 90 वर्षीय लता मंगेशकर बीते 11 नंवबर से अस्पताल में भर्ती हैं। उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने के बाद ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तब से लताजी के फैंस उनके जल्द ठीक होने की कामना कर रहे हैं। फिल्म इंडस्ट्री के दिग्गज भी उनका लगातार हालचाल ले रहे हैं। बीच में अमेरिकी डॉक्टर्स की एक टीम भी उनका चेकअप करने के लिए आई हुई थी। उनके मुताबिक लता जी पहले से काफी बेहतर हो रही हैं।

लता मंगेशकर ने अपने पूरे करियर में कई भाषाओं को मिलाकर 3000 से अधिक गाने गाए हैं। और भारत के सर्वोच्च नागरिक सम्मान ‘भारत रत्न’ से भी सम्मानित किया गया है और सिनेमा में उत्कृष्ट कार्यों के लिए उन्हें दादा साहेब फाल्के पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया था।