दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने बीते गुरुवार को यह ऐलान किया कि उनकी सरकार ने साल 2025 तक यमुना की सफाई के लिए छह एक्शन प्वॉइंट बनाए हैं। उन्होंने इस बारे में कहा, “70 साल लगे हैं यमुना को गंदा करने में और यह दो दिन में तो साफ नहीं हो सकता है। मैंने जब चुनाव लड़ा था तो मैंने वादा किया था कि अगले चुनाव तक मैं यमुना साफ कर दूंगा। अब हमने युद्धस्तर पर काम शुरू कर दिया है।” सीएम अरविंद केजरीवाल के इस बयान पर अब उनके पूर्व सहयोगी कुमार विश्वास ने तंज कसा है।
मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने यमुना नदी की सफाई को लेकर ट्वीट भी किया था, जिसमें उन्होंने लिखा था, “मैं जो कहता हूं, वो करता हूं। जुबान का पक्का हूं। अगले चुनाव के पहले यमुना जरूर साफ करेंगे।” अरविंद केजरीवाल के इस ट्वीट का जवाब देते हुए कुमार विश्वास ने उनके साल 2015, 2019 और जनवरी 2020 के वीडियो साझा किये।
इन वीडियो में सीएम अरविंद केजरीवाल साल 2025 में होने वाले चुनाव से पहले यमुना नदी के साफ होने का दावा करते नजर आए। इन वीडियो को साझा करते हुए कुमार विश्वास ने लिखा, “स्क्रिप्ट वही, तारीख नई।” सीएम अरविंद केजरीवाल को लेकर किया गया कुमार विश्वास का यह ट्वीट सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है, साथ ही यूजर भी इसपर कमेंट कर रहे हैं।
अमित नाम के यूजर ने कुमार विश्वास के ट्वीट का जवाब देते हुए लिखा, “दिल्ली के 2025 चुनाव तक अगर यमुना जी 10 प्रतिशत भी साफ हो गईं ना तो मैं अपना नाम बदल दूंगा।” रूद्र प्रताप सिंह नाम के यूजर ने जवाब देते हुए लिखा, “यमुना साफ कराएंगे, बस तारीख नहीं बताएंगे।” रवि प्रकाश नाम के यूजर ने लिखा, “यह शब्दों के ज्ञाता हैं, इनका भाषण ही इनका शासन है।”
यमुना नदी की सफाई पर बात करते हुए सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा, “सरकार औद्योगिक इकाइयों से यमुना नदी में गिरने वाली गंदगी को बंद कर देगी। हमारे इंजीनियर और अधिकारियों को यह उम्मीदें हैं कि वे सिक्स प्वॉइंट एक्शन प्लान के साथ फरवरी 2025 तक यमुना नदी साफ कर लेंगे। हर प्वॉइंट के लिए एक निश्चित लक्ष्य भी तय किया गया है।”
