इंटरनेशनल न्यूज ब्रॉडकास्टर बीबीसी के दिल्ली और मुंबई दफ्तर में 14 फरवरी के दिन आयकर विभाग का छापा पड़ा है। जिसके बाद इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर लगातार निशाना साधा जा रहा है। दरअसल जनवरी में बीबीसी द्वारा एक डॉक्यूमेंट्री रिलीज की गई थी, जिसमें गुजरात के दंगों के बारे में दिखाया गया था। तभी से बीबीसी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
अब हाल ही में बीबीसी पर आयकर विभाग का छापा और भाजपा की ओर से ये कहा जाना कि बीबीसी को भारत के कानून का पालन करना होगा। आयकर विभाग को अपने काम करने दिया जाए, इसपर विपक्षी दल लगातार प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कहा जा रहा है कि पीएम मोदी पर डॉक्यूमेंट्री बनाना बीबीसी को भारी पड़ा है। इसपर अब फिल्म क्रिटिक और एक्टर कमाल आर.खान ने भी ट्वीट करते हुए चुटकी ली है।
केआरके ने ट्विटर पर इस खबर को साझा करते हुए लिखा,”और रिलीज करो डॉक्यूमेंट्री।” केआरके के ट्वीट पर तमाम लोगों ने रिएक्शन दिए हैं। लोगों ने केआरके से पीएम मोदी पर बनी डॉक्यूमेंट्री का रिव्यू करने को कहा।
केआरके के अलावा फिल्ममेकर अशोक पंडित ने भी इस मामले को लेकर ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा,”पीएम मोदी का हर एक्शन देश के भीतर के सांपों को उजागर करता है। जो हमारे देश को तोड़ने के लिए स्लीपर सेल में शामिल हैं।”
क्या डॉक्यूमेंट्री के कारण पड़ा छापा?
आपको बता दें कि बीबीसी पर इनकम टैक्स के छापे के बाद विपक्षी दल लगातार उनपर निशाना साध रहे हैं। आम आदमी पार्टी के आधिकारिक ट्विटर अकाउंट पर पीएम मोदी के खिलाफ जहर उगला गया है।
AAP द्वारा प्रधानमंत्री का एक पुराना वीडियो शेयर किया गया है, जिसमें वह बीबीसी की तारीफ कर रहे हैं। इसके साथ कैप्शन में आम आदमी पार्टी की ओर से लिखा गया,”प्रधानमंत्री मोदी कभी BBC की तारीफ-गुणगान करते नहीं थकते थे। BBC को ‘भरोसे का मापदंड’ मानते थे। लेकिन जब BBC ने डॉक्यूमेंट्री में पीएम का क्रूरतम चेहरा दिखा दिया, तब मोदी जी ने बीबीसी को सबक सिखाने के लिए रेड डलवा दी।”