श्रीलंका के राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे 13 जुलाई को देश छोड़कर मालदीव चले गए हैं। गोटाबाया के जाने के बाद देश के हालात और भी बिगड़ते जा रहे हैं। इस मामले का जिक्र करते हुए बॉलीवुड अभिनेता कमाल आर. खान ने लिखा कि हर चीज की एक्सपायरी डेट होती है, देखते हैं भारत में क्या होता है। उनकी इस टिप्पणी पर तमाम लोग नाराज हो गए और सोशल मीडिया पर उनकी खिंचाई करने लगे।
केआरके ने ट्वीट में लिखा,”तो आखिरकार सबसे बड़ा देशभक्त श्रीलंकाई राष्ट्रपति सिंगापुर भाग गया, जो इतने सालों से धर्म, जाति और देशभक्ति के लिए वोट मांग रहा था। ये इस बात का सबूत है कि हर चीज की एक्सपायरी डेट होती है। आइए इंतजार करें और देखें कि भारत में क्या होगा।” केआरके के ट्वीट पर कई यूजर्स ने कमेंट किया है।
रजनीष सारंगी ने लिखा,”भारत अन्य देशों से पूरी तरह से अलग है। इसकी आर्थिक बुनियाद इतनी मजबूत है कि श्रीलंका या पाकिस्तान जिस स्थिति से गुजर रहा है, उस तक पहुंचना मुश्किल है।” विजयरथ ने लिखा,” चिंता मत करो कुछ नहीं होने वाला है। आप इस छोटे से देश की तुलना विशाल देश से कर रहे हैं। एक सपने में जीते रहो क्योंकि मुझे पता है कि भविष्य क्या है? पायल ने लिखा,”तुम क्यों भारत का बुरा चाहते हो। खाते हो भारत का और गाते हो दूसरे देश का।”
साहिल सिंह ने लिखा,”चिंता मत करो, भारत सही हाथों में है। उनकी तो एक्सपायरी डेट पहले ही 2014 में आ गई थी। खैर, ये बताओ कि तुम अब भी भारत में हो या देश छोड़ दिया है? जैसा तुमने कहा था।” सनातनी ठाकुर ने लिखा,”जो तुम 2014 से देख रहे हो वो सिर्फ ट्रेलर है। तो फिल्म का इंतजार करो, हम आपको पॉपकॉर्न फ्री देंगे।”
आपको बता दें कि श्रीलंका के बुरे हालातों के बीच राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे ने देश छोड़ दिया है। राजपक्षे आधिकारिक इस्तीफे से पहले ही श्रीलंका छोड़ मालदीव पहुंच गए हैं। श्रीलंकाई स्पीकर का कहना है कि उन्हें अब तक गोटाबाया का इस्तीफा नहीं सौंपा गया है, हालांकि उन्होंने जल्द ही इस्तीफा मिलने की उम्मीद जताई है।
एक प्रेस रिपोर्ट में कहा गया कि राष्ट्रपति अपनी पत्नी के अलावा दो बॉडीगार्ड को लेकर श्रीलंकाई वायु सेना के विमान में मालदीव की राजधानी माले शहर चले गए हैं। उनके जाने के बाद कोलंबो में एक बार फिर हिंसा छिड़ गई है। कोलंबो में फिर से विरोध प्रदर्शन हो रहा है।