प्रियंका चोपड़ा के बॉलीवुड को लेकर दिए बयान के बाद ये मुद्दा चर्चा का विषय बना हुआ है। कंगना रनौत ने भी इसके बाद बॉलीवुड और करण जौहर को लेकर कई दावे किए। शेखर सुमन ने भी इंडस्ट्री के कुछ लोगों पर आरोप लगाए। विवेक अग्निहोत्री, विवेक ओबेरॉय समेत कुछ अन्य लोगों ने भी इसपर बात की। कोई मामला गरमाया हो और कमाल आर.खान कुछ न बोलें ऐसा तो हो ही नहीं सकता। केआरके ने करण जौहर पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया है। जिसमें उन्होंने करण जौहर के करियर को बर्बाद करने की बात कही है।
केआरके ने अपने ट्वीट में लिखा,”मुझे खुशी है ये देखकर कि कई लोग प्रियंका चोपड़ा, कंगना रनौत, विवेक अग्निहोत्री, विवेक ओबेरॉय आदि साथ आए और मूवी माफिया करण जौहर के बारे में बोला। उसे लोगों का करियर बर्बाद करने में मजा आता है, तो लोगों को उसका करियर बर्बाद करना चाहिए।”
केआरके के इस ट्वीट पर तमाम लोगों ने प्रतिक्रिया दी है। कोई केआरके की बात का समर्थन कर रहा है तो किसी ने उनकी खिंचाई की है। तुषार अग्रवाल नाम के यूजर ने लिखा,”सही बात है, और एक बात ये भी है कि वो तुम्हें पे भी तो नहीं करते। ये भी बड़ा प्वाइंट है।” मोगैंबो नाम के ट्विटर हैंडल से लिखा गया,”अब करण जौहर अपने पापों का “कर्मा” भुगत रहा है। उसके पापों का घड़ा फूट गया है 2004 से लेकर 2015 तक करन बॉलीवुड में बहुत ताकतवर था। अब तो top 10 में भी नहीं है। उसकी अगली फिल्म अंतिम उम्मीद है वो भी नहीं चली तो करन को कोई भी नहीं पूछेगा। वह ताकतवर से बिल्कुल जीरो बन जाएगा।”
आपको बता दें कि प्रियंका चोपड़ा ने हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में कहा था कि उन्हें बॉलीवुड में कॉर्नर कर दिया गया था। उनके साथ कोई काम नहीं करना चाहता था, उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गया था। उनसे ये राजनीति सहन नहीं हुई और वह भारत छोड़कर चली गईं। इसपर कंगना ने करण जौहर पर निशाना साधते हुए कहा था कि उन्होंने प्रियंका के खिलाफ कैंपेन चलाया। इसके बाद शेखर सुमन भी खुलकर सामने आए और बॉलीवुड को लेकर कहा कि उनके बेटे और उन्हें भी काम न मिलने की साजिश की गई। शेखर सुमन ने ट्वीट में लिखा था कि बॉलीवुड में कुछ लोग जहरीले सांप से भी खतरनाक हैं।
विवेक ओबेरॉय ने भी इंडस्ट्री को लेकर खुलासे किए। उन्होंने कहा कि उन्हें फिल्में मिलना बंद हो गई थी। वह कई महीनों तक घर पर बैठे। वह खुश हैं कि प्रियंका ने खुद को इस गंदी राजनीति से बाहर निकाल लिया।