भारत के सबसे लोकप्रिय गायकों में से एक, किशोर कुमार को उनके काम के लिए आज भी याद किया जाता है। उन्होंने 1970 और 1980 के दशक में हिंदी फिल्मों के संगीत पर अपना दबदबा बनाए रखा था। किशोर कुमार ने अपनी खूबसूरत आवाज से कई लोगों के दिल में जगह बनाई और आज भी उनकी आवाज की वो ताजगी फैंस के कानों में गूंजती है। हालांकि वो खुद 50 की उम्र में पहुंचते-पहुंचते स्वास्थ्य समस्याओं से घिर गए थे। 1981 में, किशोर कुमार को पहला दिल का दौरा पड़ा और हाल ही में एक इंटरव्यू में, उनके बेटे अमित कुमार ने उस वक्त को याद किया जिनके कारण किशोर की तबीयत खराब हो गई थी। अमित ने बताया कि 1981 में उनकी शादी टूट गई और इसका किशोर पर गहरा असर पड़ा था।

रेडियो नशा के साथ बात करते हुए अमित ने बताया कि किशोर बेहद खुश थे क्योंकि उनके बेटे की शादी कोलकाता की एक लड़की से होने वाली थी। उन्होंने याद करते हुए कहा, “मेरी शादी 1981 में होने वाली थी, ये एक अरेंज मैरिज थी। स्वाभाविक रूप से, मेरे पिता बेहद खुश थे। उन्होंने प्लान बनाया था कि मुंबई से, इंडस्ट्री से, हर कोई शादी के लिए कोलकाता आएगा। मेरी होने वाली पत्नी कोलकाता से थी।”

अमित ने बताया कि किशोर अपने बेटे की शादी के बाद खंडवा जाना चाहते थे। उन्होंने याद करते हुए कहा, “पिताजी ने कहा, ‘जो करना है करो, उसके बाद तुम्हारी शादी हो जाएगी। तुम सेटल हो जाओगे। मैं खंडवा चला जाऊंगा और तुम लोग मुझसे मिलने आना। वो जो हुआ उसे बर्दाश्त नहीं कर पाए। बात ये थी कि वो महिला पहले से ही शादीशुदा थी। हमें इस बारे में शादी से ठीक दस दिन पहले पता चला, कार्ड छप चुके थे।”

अमित ने बताया कि किशोर ने उनके लिए दूसरा रिश्ता ढूंढ़ने का फैसला किया, इसलिए जिस दिन शादी होनी थी, उसी दिन वे कोलकाता पहुंच गए। उन्होंने बताया, “मेरी शादी 24 जनवरी, 1981 को होनी थी। मेरे पिता बहुत जिद्दी थे। उन्होंने कहा, ‘मैं 24 जनवरी को कोलकाता जाऊंगा और तुम्हारे लिए लड़की ढूंढ़ूंगा।’ मैंने उनसे कहा, ‘आप ये सब क्यों कर रहे हो?’ उन्होंने फ्लाइट ली, फ्लाइट लैंड हुई और उन्हें दिल का दौरा पड़ गया। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।” किशोर कुमार के बेटे अमित ने एक इंटरव्यू में अपने पिता की पत्नी मधुबाला संग अपनी बॉन्डिंग के बारे में भी बात की थी। पूरी खबर पढ़ने के लिए क्लिक करें…