Khesari Lal Yadav-Kajal Raghwani Relationship: खेसारी लाल यादव (Khesari Lal Yadav) और एक्ट्रेस काजल राघवानी (Kajal Raghwani) की जोड़ी भोजपुरी की चहेती जोड़ियों में से एक रही है। दोनों ने साथ में एक नहीं बल्कि कई फिल्मों में काम किया है, जिनकी गिनती आप उंगलियों पर नहीं कर पाएंगे। इनकी केमिस्ट्री इतनी कमाल की है कि लोग तारीफ करते नहीं थकते हैं। लेकिन विवादों के बाद से दोनों की जोड़ी टूट गई और फिर वो लगभग दो सालों तक किसी भी फिल्म में साथ नजर नहीं आए। उनकी आखिरी फिल्म विवादों के बीच ‘प्यार किया तो निभाना’ रिलीज हुई थी। ऐसे में अब नया अपडेट सामने आ रहा है कि इनका पैचअप हो गया है और दोनों के रिश्ते सुधर गए हैं।

काजल राघवानी और खेसारी लाल यादव के रिश्ते के सुधरने की बात हम नहीं कह रहे हैं। दरअसल, दोनों ने हाल ही में ‘फिल्मफेयर फेमिना भोजपुरी आइकन्स’ अवॉर्ड शो में शिरकत की थी। इस इवेंट में इनकी जोड़ी तब चर्चा में आ गई जब दोनों स्टार्स ने साथ में रेड कार्पेट पर एंट्री की। इस दौरान जहां खेसारी को ब्लैक सूट-बूट में देखा गया वहीं, एक्ट्रेस काजल ने ट्रेंडिंग स्टार के साथ पिंक कलर के गाउन में इवेंट में जलवा बिखेरा। लंबे समय के बाद दोनों के बीच शानदार केमिस्ट्री और बॉन्ड देखने के लिए मिला। एक्ट्रेस, खेसारी के गाल तक खींचते दिखीं। एक-दूसरे की कंपनी को वो खूब इन्जॉय करते दिखे। इसके बाद तो फैंस की खुशी ठिकाना ही नहीं रहा है। ऐसे में अब लोग उम्मीद जता रहे हैं कि इनकी जोड़ी एक बार फिर से पर्दे पर धमाल मचाने वाली है।

पवन सिंह से भी खत्म हुआ विवाद

फिल्मफेयर फेमिना भोजपुरी आइकन्स अवॉर्ड शो में ही खेसारी और पवन सिंह का विवाद खत्म हुआ। रवि किशन ने इनके बीच मतभेद को खत्म करवाया। इस दौरान दोनों स्टार ने एक-दूसरे को गले लगाकर प्यार लुटाया और भाईचारे का परिचय दिया। इनका वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ।

खेसारी और काजल में हुई थी जुबानी जंग

खेसारी लाल और काजल राघवानी के बीच 2021 में जुबानी जंग देखने के लिए मिली थी। ये विवाद दोनों के बीच तब शुरू हुआ था जब एक्टर ने खुले मंच पर एक्ट्रेस को लेकर ऐलान किया था कि वो अब ये जोड़ी कभी पर्दे पर साथ दिखाई नहीं देगी। खेसारी ने इस दौरान उन पर धोखा देने का आरोप लगाया था। इसके बाद दोनों के बीच जुबानी जंग छिड़ गई थी। ट्रेंडिंग स्टार के आरोपों पर काजल राघवानी ने सवाल उठाया था और कहा था कि उनसे पूछा जाए कि उन्होंने क्या धोखा दिया है?

इसके अलावा एक्ट्रेस ने शादी की बात तक कह दी थी। उन्होंने कहा था कि ‘क्या वो मेरे साथ शादी करते? वो तो शादीशुदा और बाल बच्चे वाले हैं।’ काजल ने निशाना साधते हुए कहा था कि ‘वो कहते हैं कि मैंने उनके साथ गलत किया तो पब्लिक को बताते क्यों नहीं हैं कि मैंने क्या गलत किया?’ हालांकि, बाद में एक्टर ने अपने बयानों के लिए उनसे माफी भी मांगी थी लेकिन फिर साथ में इनकी जोड़ी नहीं दिखाई दी। लेकिन अब लेटेस्ट वीडियो सामने आने के बाद इस बात का एहसास होता है कि इनके बीच फिर से सबकुछ ठीक हो चुका है और जल्द ही ये सुपरहिट जोड़ी पर्दे पर दिखाई देगी।