हिमाचल प्रदेश (Himachal Pradesh) में इसी साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। इसी बीच आम आदमी पार्टी (आप) नेता का खालिस्तान की मांग से संबंधित एक पुराना ट्वीट वायरल हो रहा है। जिसपर राजनीति गरमा गई है। दरअसल, हिमाचल प्रदेश में आप के सोशल मीडिया इंचार्ज रहे हरप्रीत सिंह बेदी ने करीब दो साल पहले ट्वीट कर कहा था कि खालिस्तान की मांग संवैधानिक अधिकार है। उनका यही ट्वीट अब वायरल हो गया है। विवाद बढ़ा तो उन्होंने अपना ट्विटर अकाउंट डिलीट कर दिया।
क्या लिखा था? हरप्रीत सिंह बेदी ने खालिस्तान के समर्थन में एक के बाद एक कई ट्वीट किए थे। बेदी ने लिखा था कि, ‘संविधान के मुताबिक सिख अलग खालिस्तान की मांग कर सकते हैं, फिर इसमें बुराई क्या है?’ उनके ट्वीट के जो और स्क्रीनशॉट शेयर किये जा रहे हैं, उसमें और तमाम आपत्तिजनक बातें हैंय़
BJP बोली ये AAP का राष्ट्रविरोधी चेहरा: भाजपा ने इस मुद्दे पर आम आदमी पार्टी को घेरते हुए कहा कि पार्टी का राष्ट्रविरोधी चेहरा सामने आ गया है। उधर, इस घटना के बाद पार्टी बैकफुट पर आ गई है। आम आदमी पार्टी ने सोशल मीडिया विंग के प्रदेश अध्यक्ष रहे हरप्रीत सिंह बेदी को पार्टी से बर्खास्त कर दिया है।
आम आदमी पार्टी हिमाचल प्रदेश के आधिकारिक ट्विटर हैंडल से ट्वीट करते हुए लिखा कि हरप्रीत सिंह बेदी द्वारा अपने ट्वीट में व्यक्त विचार आम आदमी पार्टी की विचारधारा के खिलाफ हैं और किसी भी तरह से पार्टी की राय का प्रतिनिधित्व नहीं करते हैं। AAP राष्ट्र की एकता और अखंडता में दृढ़ विश्वास रखती है और हमारे देश के खिलाफ कुछ भी लिखने वाले किसी को भी बर्दाश्त नहीं करेगी। पार्टी उन्हें तत्काल प्रभाव से सभी पदों से बर्खास्त करती है।
कुमार विश्वास ने किया RT: वहीं, कुमार विश्वास नाम के पैरोडी ट्विटर अकाउंट से ट्वीट करते हुए लिखा गया, “ये आम आदमी पार्टी हिमाचल सोशल मीडिया के अध्यक्ष हरप्रीत सिंह बेदी हैं, इनका मानना है, “खालिस्तान की मांग संवैधानिक अधिकार है।” ये आदमी 10 साल से खालिस्तान के आंदोलन के लिए समर्थन दे रहा हैं। अरविंद केजरीवाल 20-25 पुलिस वाले भेज दो समन लेके फिर से कुमार विश्वास के घर…
इस ट्वीट को कुमार विश्वास ने भी रीट्वीट किया है, जिसपर यूजर्स अपनी प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं। अरविंद नाम के यूजर ने लिखा कि लोगों को मूर्ख बनाना तो आसान है, लेकिन उन्हें यह समझाना बहुत ही कठिन है कि उन्हें मूर्ख बनाया जा रहा है !!
वहीं एक हैंडल ने लिखा कि माननीय अगर देश में हिन्दू राष्ट्र की मांग जायज है तो फिर इस मांग में क्या परेशानी है आज हिंदुत्व की आड़ में दंगे हो रहे हैं, अगर वो जायज है तो फिर सभी मांगे जायज हैं। या तो आप सच के साथ रहें या फिर खुलकर बीजेपी के लिए काम करें।
कुमार वर्मा नाम के एक यूजर ने लिखा, “इनको हिमाचल प्रदेश से कोई आदमी नहीं मिला क्या जो पंजाब से ये खालिस्तानी सपोर्टर को पद पर बिठाया है? वहीं, मनु शर्मा ने लिखा कि पंजाब के लोगों ने केजरीवाल को वोट देकर जो गलती की है उसका परिणाम उनकी पीढ़ियां भुगतेंगी।
