Kesari Chapter 2 Release Date, Kesari Chapter 2 Teaser: बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार (Akshay kumar) की इस साल 2025 की शुरुआत शानदार रही है। जनवरी में रिपब्लिक डे के मौके पर उनकी इस साल की पहली फिल्म ‘स्काई फोर्स’ को रिलीज किया गया था। इससे उनके साथ शिखर पहाड़िया ने डेब्यू किया था। फिल्म में दोनों कलाकारों की एक्टिंग को खूब सराहा गया था। लंबे समय के बाद अक्षय का करियर ट्रैक पर लौटता दिखाई दे रहा है। ऐसे में अब इस साल की दूसरी बड़ी फिल्म ‘केसरी 2’ को लेकर भी चर्चा में हैं। फैंस को इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। ऐसे में अब वो इंतजार खत्म होने वाला है। फिल्म का टीजर जारी कर दिया गया है।
अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी 2’ को करण सिंह त्यागी द्वारा निर्देशित किया गया है। इसमें अक्षय लीड रोल में हैं। उनकी ये फिल्म सच्ची घटना से प्रेरित है, जिसमें 1919 के जलियांवाला बाग हत्याकांड की दर्दनाक कहानी को दिखाया गया है। फिल्म के टीजर की शुरुआत कुछ डायलॉग्स से होती है, जिसमें पहले तो आपको गोलियों की आवाज, लोगों की चीख पुकार सुनने के लिए मिलती है। बिना दृश्य का ये नजारा उस खौफनाक मंजर की याद दिला देता है, जिसे अंग्रेजों ने अंजाम दिया था। टीजर में अमृतसर के गोल्डन टेंपल की झलक देखने के लिए मिलती है और अक्षय की एंट्री मत्था टेकते हुए होती है। फिर वो वकील की यूनिफॉर्म में नजर आते हैं, जो अंग्रेजों के खिलाफ कोर्ट में लड़ रहे होते हैं। 1.39 सेकेंड का ‘केसरी 2’ का टीजर रूह कंपा देने वाला है। टीजर में बताया गया कैसे 10 मिनट तक गोली चलाई गई उसके बाद घायलों को 12 घंटे तक चील कौओं को नोचने के लिए छोड़ दिया गया था।
‘द केस दैट शुक द एम्पायर’ पर आधारित है ‘केसरी 2’
आपको बता दें कि अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी चैप्टर 2’ की कहानी पुष्पा पलात और रघु पलात की लिखी किताब ‘द केस दैट शुक द एम्पायर’ पर आधारित है। फिल्म में अक्षय ने सर सी. शंकरन नायर का रोल निभाया है, जिन्होंने अकेले जलियांवाला बाग हत्याकांड के बाद ब्रिटिश साम्राज्य से लोहा लेने की हिम्मत दिखाई थी। वो एक निडर और हिम्मती वकील थे।
बहरहाल, अगर अक्षय कुमार की फिल्म ‘केसरी 2’ की रिलीज की बात की जाए तो इसकी रिलीज डेट का पहले ही ऐलान कर दिया गया है। फिल्म को 18 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। इसमें अक्षय के साथ अनन्या पांडे और आर माधवन जैसे कलाकार भी हैं। टीजर ने फैंस को फिल्म की रिलीज को लेकर और भी एक्साइटेड कर दिया है।