‘पुष्पा 2’, ‘एनिमल’ और ‘छावा’ जैसी फिल्मों से एक्टिंग का लोहा मनवाने वाली एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना (Rashmika Mandanna) इन दिनों बॉक्स ऑफिस पर छाई हुई हैं। रश्मिका की फैन फॉलोइंग आज इतनी है कि लोग उनकी एक झलक पाने का बेसब्री से इंतजार करते हैं। वो अक्सर अपने लुक्स और जेस्चर की वजह से लाइमलाइट और तारीफें बटोरती नजर आ जाती हैं। ऐसे में अब अभिनेत्री विवादों में फंसती नजर आ रही हैं। उन पर आरोप है कि उन्होंने कन्नड़ भाषा का अपमान किया है और इसके बाद कांग्रेस विधायक ने उनको सबक सिखाने की खुली धमकी दे दी। इस मामले पर अब एक्ट्रेस का भी रिएक्शन सामने आया है। चलिए बताते हैं क्या है पूरा मामला।

दरअसल, कांग्रेस विधायक रविकुमार गौड़ा गणिगा ने रश्मिका मंदाना पर कन्नड़ भाषा का अपमान करते हुए आरोप लगाया कि अभिनेत्री ने बेंगलुरु में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में शामिल होने के लिए उनकी सरकार का निमंत्रण ठुकरा दिया है। कांग्रेस विधायक कहते हैं कि रश्मिका ने कन्नड़ फिल्म ‘किरिक पार्टी’ से करियर की शुरुआत की थी। मगर, पिछले साल बेंगलुरु में आयोजित होने वाले अंतर्राष्ट्रीय फिल्म समारोह में शामिल होने से इनकार कर दिया था।

रविकुमार ने दावा किया कि जब उनको निमंत्रण दिया गया तो उन्होंने कहा कि उनका घर हैदराबाद में हैं और उनको कुछ नहीं पता कि कर्नाटक कहां है। उनके पास समय नहीं है और वो नहीं आ सकतीं। रविकुमार यहीं नहीं रुकते हैं वो आगे आरोप लगाते हैं कि उनके एक विधायक मित्र रश्मिका के घर पर 10-12 बार गए लेकिन एक्ट्रेस ने मना कर दिया। कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि एक्ट्रेस ने कन्नड़ को नजरअंदाज किया। इसके बावजूद की वो इसी इंडस्ट्री में पली और बढ़ी हैं। रविकुमार ने इसके लिए उन्हें सबक सिखाने की बात भी कही।

रश्मिका मंदाना ने दिया जवाब!

इस मामले को लेकर रश्मिका मंदाना की ओर से उनके करीबी सोर्स ने जवाब दिया और कहा, ‘रश्मिका पर बेंगलुरु फिल्म महोत्सव में भाग लेने से इनकार करने का आरोप लगाया गया है। साथ ही उन्हें और राज्य को लेकर भी अपमानजनक बयान दिए गए हैं। ये जो खबरें एक्ट्रेस के खिलाफ चल रही हैं वो एकदम झूठ हैं। इसमें कुछ भी सच नहीं है।’

सोर्स ने आगे सफाई देते हुए कहा, ‘रश्मिका मंदाना के नाम से दिए गए बयान और यह पूरी कहानी कि किसी ने रश्मिका मंदाना से संपर्क किया और उन्होंने बेंगलुरु फिल्म महोत्सव में शामिल होने से इनकार कर दिया, गलत है।’

कन्नड़ को लेकर पहले भी विवादों में आई थीं रश्मिका मंदाना

गौरतलब है कि इस विवाद से पहले रश्मिका मंदाना के हैदराबाद वाले बयान को लेकर काफी विवाद हुआ था। मालूम हो कि एक्ट्रेस ने ‘छावा’ की सक्सेस के समय एक इवेंट में कहा था कि वो हैदराबाद से हैं और अकेले आई हैं। उन्होंने उस परिवार का हिस्सा बनने की उम्मीद जताई था। अब उनके इस बयान के बाद प्रो-कन्नड़ समूहों ने आपत्ति जताई थी। एक्ट्रेस के खिलाफ एक कैंपेन शुरू किया था। उनका कहना था कि कन्नड़ सिनेमा में अपने फिल्म करियर की शुरुआत करने के बावजूद वो अब ऐसे बयान दे रही हैं। इसे लोगों ने भाषा का अपमान बताया था।

OTT Adda: एंटरटेनमेंट से भरपूर होगा मार्च का पहला हफ्ता, ‘नादानियां’ से ‘दुपहिया’ तक ये फिल्में और वेब सीरीज होगी इस वीक स्ट्रीम