बॉलीवुड की बेबाक एक्ट्रेस कंगना रनौत राजनीति में कदम रख चुकी हैं। वह हिमाचल प्रदेश में अपने गृह जिले मंडी से भारतीय जनता पार्टी की तरफ से चुनाव लड़ने वाली हैं। कंगना हर मुद्दे पर अपनी राय रखने के लिए जानी जाती हैं और अब उन्होंने बीजेपी सांसद हेमा मालिनी का समर्थन किया है। कुछ दिन पहले  हेमा मालिनी को लेकर कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। जिसकी कंगना ने निंदा करते हुए हेमा मालिनी की प्रशंसा की है।

इंडिया टुडे के साथ बात करते हुए कंगना ने कहा, “अगर उन्हें एक जवान महिला दिखती है तो वह उसके शरीर पर कमेंट करते हैं। एक 75 साल की वरिष्ठ महिला जो भरतनाट्यम डांसर है उन्हें नचनिया या डांसर कहा जाता है और इस तरह गाली दी जाती है। वह एक उम्रदराज औरत को भी नहीं छोड़ते। वो क्या चाहते हैं कि एक औरत कैसे जिए। क्या ये अच्छा होगा कि वे अपनी कब्रें खोदें और उसमें खुद को दफना दें?”

कंगना ने आगे कहा, “एक महिला के बारे में इतनी घिनौनी सोच, वो भी उस कलाकार के लिए जिसने अपना पूरा जीवन कला को समर्पित कर दिया हो। एक भी दिन ऐसा नहीं जाता होगा जब उन्होंने 3-4 घंटे प्रैक्टिस न की हो। क्या हमारा एक वेद सामवेद नहीं है, जिसमें संगीत और नृत्य पर विस्तार से चर्चा की गई है? इसलिए जो लोग उन्हें ज्ञानी या ऋषि या महान व्यक्तित्व के रूप में न देखकर उन पर अशोभनीय टिप्पणियां करते हैं उनकी सोच किसी से छिपी नहीं है।”

क्या है मामला?

कुछ दिन पहले कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला की रैली का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। जिसमें वह हेमा मालिनी पर अशोभनीय टिप्पणी करते दिखे थे। इसके बाद उन्होंने X (ट्विटर) पर लिखा था कि उनके वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है।

आपको बता दें कि कुछ दिन पहले ही भाजपा ने कंगना को टिकट देकर मंडी से चुनावी मैदान में उतारा है। उनका राजनीतिक करियर 24 मार्च को शुरू हुआ है। इसके अलावा उनके फिल्मी करियर की बात करें तो वह फिल्म ‘इमरजेंसी’ में भी नजर आने वाली हैं। फिल्म में कंगना ने इंदिरा गांधी की भूमिका निभाई है। ये फिल्म 14 जून  2024 को रिलीज होगी।