ओलंपिक 2024 में रेसलर विनेश फोगाट ने इतिहास रच दिया है। फोगाट ने महिला 50 किलोग्राम इवेंट में क्यूबा की लोपेज गजबन को हराकर फाइनल में जगह बना ली है। इसके साथ ही वह ओलंपिक के फाइनल तक पहुंचने वाली पहली महिला रेसलर बन गई हैं। हर कोई उन पर गर्व महसूस कर रहा है, एक्टर से सांसद बनीं कंगना रनौत ने भी उन्हें बधाई दी है, लेकिन अपने अंदाज में।
कंगना रनौत बेबाकी से हर बात रखती हैं। यहां भी उन्होंने बधाई देने के साथ-साथ विनेश फोगाट को वो वक्त याद दिलाया है जब उन्होंने विरोध प्रदर्शन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी की थी।
कंगना ने इंस्टाग्राम पर विनेश की हाथ में तिरंगा लिए तस्वीर शेयर की है। जिसके साथ उन्होंने लिखा, “भारत के पहले गोल्ड मेडल का इंतजार है। विनेश फोगाट ने एक समय पर प्रोटेस्ट में हिस्सा लिया था, जहां उन्होंने ‘मोदी तेरी कब्र खुदेगी’ के नारे लगाए थे। फिर भी उन्हें देश को रिप्रेजेंट करने का मौका मिला, बेस्ट ट्रेनिंग, कोच और सुविधाएं मिली। ये ही महान भारत और लोकतंत्र की खूबसूरती है।”

क्या है मामला?
बता दें कि पिछले साल पहलवान ने अपने साथ हुए अन्याय के खिलाफ आवाज उठाई थी। कुश्ती संघ के अध्यक्ष ब्रज भूषण शरण पर आरोप था कि उन्होंने छह महिला रेसलर के साथ शोषण किया है। पहलवान इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। विनेश फोगाट ने अपने सारे अवॉर्ड सड़क पर रख दिए थे। वह बार-बार पीएम मोदी से मिलने की गुहार लगा रही थीं, लेकिन जब ऐसा नहीं हुआ तो उन्होंने पीएम के खिलाफ जमकर नारेबाजी की थी।
आपको बता दें कि पेरिस ओलंपिक विनेश फोगाट का तीसरा ओलंपिक है, इससे पहले वह साल 2016 में रियो और 2021 में टोक्यो में भी हिस्सा ले चुकी हैं। हालांकि वहां उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं था, जिसके कारण वह क्वाटर फाइनल भी नहीं पहुंच पाई थीं।