उपचुनाव के नतीजे सामने आ चुके हैं। जहां मध्य प्रदेश और पूर्वोत्तर के राज्यों में भाजपा ने जीत हासिल की तो वहीं राजस्थान और हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस ने जीत का परचम लहराया। पश्चिम बंगाल की चारों सीट पर तृणमूल कांग्रेस का बोलबाला रहा। हिमाचल प्रदेश की मंडी सीट से भी कांग्रेस को जीत हासिल हुई। इस बात को लेकर अब बॉलीवुड के मशहूर एक्टर कमाल राशिद खान ने चुटकी ली। उन्होंने ट्वीट में कंगना रनौत का जिक्र करते हुए भाजपा पर निशाना साधा।

कमाल राशिद खान ने मंडी सीट पर कांग्रेस को मिली जीत पर चुटकी लेते हुए लिखा, “कांग्रेस ने बड़े मार्जिन के साथ मंडी (कंगना रनौत का होम टाउन) सीट पर जीत हासिल की। इस बात से यह साबित होता है कि हिमाचल प्रदेश के लोग कंगना रनौत और भारतीय जनता पार्टी दोनों को ही पसंद नहीं करते हैं।” कमाल राशिद खान ने एक ट्वीट में बंगाल में हुए उपचुनाव का भी जिक्र किया।

कमाल राशिद खान ने बंगाल उपचुनाव में टीएमसी को मिली जीत पर सीएम ममता बनर्जी की सराहना की और लिखा, “तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल में चारों सीटों पर जीत हासिल की। इस बात से यह साबित होता है कि ममता दीदी पश्चिम बंगाल से भाजपा का सफाया करने के लिए कड़ी मेहनत कर रही हैं।”

कमाल राशिद खान के इस ट्वीट पर सोशल मीडिया यूजर भी खूब कमेंट कर रहे हैं। राहुल नाम के यूजर ने लिखा, “वीरभद्र सिंह की पत्नी जीती हैं। कौन सी बड़ी बात है। तेलंगाना देखो, वहां भाजपा अच्छा कर रही है।” संजय पटेल नाम के यूजर ने लिखा, “इस लॉजिक के साथ तो पूरा देश ही भाजपा को पसंद करता है, क्योंकि भाजपा के पीएम मोदी इस समय देश पर राज कर रहे हैं।”

बता दें कि उपचुनाव में आए नतीजों को लेकर राकेश टिकैत ने भी सरकार को आड़े हाथों लिया था। उन्होंने नतीजों पर रिएक्शन देते हुए लिखा था, “किसानों द्वारा तैयार की गई दवाई का असर भाजपा पर पूरी तरह से हो रहा है। समय जरूर लगेगा, लेकिन 2022 तक स्वास्थ्य लाभ होगा।” उनके अलावा पूर्व आईएएस सूर्य प्रताप सिंह ने भी पश्चिम बंगा में ममता बनर्जी को मिली जीत पर ट्वीट किया था। उन्होंने लिखा था, “दीदी ने फिर चांप दिया। बंगाल में खेला, यूपी में खदेड़ा।”