बॉलीवुड अभिनेता केआरके यानी कमाल राशिद खान की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। अब उनपर एक एक्ट्रेस से यौन शोषण का आरोप लगा है। मामला करीब 3 साल पुराना बताया जा रहा है और मुंबई की वर्सोवा पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया है। अभिनेता को पहले ही एक मामले में मुंबई पुलिस ने गिरफ्तार किया था।

बीते 30 अगस्त को जब अभिनेता मुंबई एयरपोर्ट पर पहुंचे थे, तभी पुलिस ने उन्हें अरेस्ट कर लिया था। केआरके पर अक्षय कुमार की फिल्म ‘लक्ष्मी’ पर आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद कोर्ट ने उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसी बीच अब 52 वर्षीय अभिनेता नई मुसीबत में फंस गए हैं।

केआरके पर लगा छेड़छाड़ का आरोप

कमाल पर एक 27 साल की एक्टर, सिंगर और फिटनेस मॉडल ने छेड़छाड़ का आरोप लगाया है। महिला ने बताया कि वह 2017 में मुंबई आई थीं। इसी दौरान उनकी मुलाकात केआरके से एक हाउस पार्टी में हुई थी। KRK ने खुद को बतौर प्रोड्यूसर इंट्रोड्यूस करवाया था। इतना ही नहीं फोन नंबर्स भी एक्सचेंज किए थे, और उसी साल केआरके ने उनसे वादा किया था कि वह उनको फिल्म ‘कैप्टन नवाब’ में लीड रोल देंगे, जिसमें उनके साथ इमरान हाश्मी होंगे। लेकिन केआरके ने ऐसा नहीं किया, उल्टा खुद फोन करके भद्दे कमेंट्स पास करने लगे।

जूस में कुछ मिलाकर पिला दिया

शिकायतकर्ता ने आगे आरोप लगाया है कि साल 2019 में कमाल ने उन्हें अपनी बर्थडे पार्टी में इनवाइट किया था। पार्टी बंगले पर रखी गई थी। लेकिन वह इस मौके पर नहीं पहुंच पाई थीं। अगले दिन जब वह शाम 7 बजे गईं तो केआरके उनको अपने रूम में ले गए। जूस ऑफर किया। महिला ने उसे पी लिया जिसके बाद उनको चक्कर आने लगा। एक्ट्रेस के मुताबिक, कमाल आर खान ने हाथ पकड़ कर उनसे सेक्सुअल फेवर की मांग की थी।

केआरके के वकील ने क्या कहा?

मुंबई पुलिस ने बताया कि जून 2021 में केआरके के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 354 और आईपीसी 509 के तहत एक मामला दर्ज किया गया था। वहीं कमाल आर खान के वकील का कहना है कि महिला ने घटना के 18 महीने बाद पुलिस से संपर्क किया और एक्टर पर झूठे इल्जाम लगाए हैं।