नई दिल्ली। फिल्म अभिनेत्री काजोल का कहना है कि संयुक्त राष्ट्र में वह लम्हा उनके लिए यादगार था, जब उनके अभियान ‘हेल्प ए चाइल्ड रीच 5’ की गणमान्य लोगों ने सराहना की।
संयुक्त राष्ट्र महासभा की शिखर बैठक में दूसरी बार पहुंची 40 वर्षीय अभिनेत्री ने कहा कि इस साल जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली है और अधिक से अधिक लोग हाथ धोने की महत्ता पर बातचीत करने के इच्छुक दिखाई दिए।
काजोल ने बताया ‘‘प्रतिक्रिया शानदार थी। मैं पिछले साल भी यहां आयी थी औरइस साल और अधिक लोगों ने इस बारे में बात की, लोग इससे जुड़े और इस प्रयास की सराहना की। हम लोग जितनी उम्मीद कर रहे थे, उससे कहीं ज्यादा तवज्जो हमें मिली।’’
लाइफबॉय के हाल ही में शुरू हुये हैंडवॉश अभियान की काजोल अगुवाई कर रही है। इस अभियान का उद्देश्य हाथ धोने की आदतों का प्रचार करके अतिसार जैसी बीमारियों से होने वाली मौतों को रोकना है।
उन्होंने कहा बड़ी बात यह है कि हाथ धोना एक बुनियादी चीज है। यह पहला कदम है। हर कोई संक्रामक रोग की बात कर रहा है और वे सभी इसकी महत्ता समझते हैं। दो साल तक की उम्र के 40 प्रतिशत से अधिक बच्चों के इन बीमारियों की चपेट में आने की आशंका होती है।
इस अभियान को बढ़ावा देने के लिए दो बच्चों की मां काजोल माइक्रो ब्लॉगिंग साइट टिवट्र से भी जुड़ गई हैं। उन्हें लगता है कि इन चीजों को आगे बढ़ाने में सोशल मीडिया की भूमिका महत्वपूर्ण है।