बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम इन दिनों अपनी अपकमिंग फिल्म ‘वेदा’ की रिलीज को लेकर चर्चा में हैं। इसे 15 अगस्त के मौके पर रिलीज किया जाएगा। फिल्म में उनके साथ एक्ट्रेस शरवरी वाघ हैं। ऐसे में अब मुंबई के हेयर ट्रांसप्लांट विशेषज्ञ डॉ. अशोक सिन्हा ने एक्टर को लेकर चिंता जाहिर की है। ये वही अशोक सिन्हा हैं, जिन्होंने हाल ही में बागेश्वर बाबा के बालों की समस्या पर अपनी राय रखकर सुर्खियां बटोरी थी। इस बार उनके निशाने पर बॉलीवुड अभिनेता जॉन अब्राहम हैं। उन्होंने जॉन के बालों की स्थिति पर चिंता जताते हुए उन्हें गंजेपन की चेतावनी दी है।
दरअसल, डॉ. सिन्हा ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो शेयर किया है। इसमें उन्होंने जॉन अब्राहम के बालों के पतलेपन पर चिंता जताई है। डॉ. सिन्हा के अनुसार, जॉन के सिर के बीच के हिस्से और ऊपरी हिस्से में बाल तेजी से झड़ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर जॉन ने समय रहते इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया तो उन्हें गंजेपन का शिकार होना पड़ सकता है।
डॉ. सिन्हा के इस वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर बवाल मच गया है। फैंस तरह-तरह के मीम्स और कमेंट्स शेयर कर रहे हैं। कुछ लोग डॉ. सिन्हा की इस ‘बिन मांगी सलाह’ पर सवाल उठा रहे हैं, तो कुछ इसे पब्लिसिटी स्टंट बता रहे हैं। हालांकि, इस पर एक्टर की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी गई है। ऐसे में देखना होगा कि वो इसे गंभीरता से लेते हैं या फिर यूं छोड़ देते हैं।
‘वेदा’ की रिलीज पर लटकी है तलवार
जॉन अब्राहम की फिल्म ‘वेदा’ की रिलीज पर तलवार लटकी है। पिछले दिनों ही मेकर्स ने एक्स पर फिल्म को लेकर जानकारी शेयर की थी। CBFC की ओर से मंजूरी नहीं दी जा रही है। सर्टिफिकेशन ना मिलने का दर्द उन्होंने सोशल मीडिया पर बयां किया था और मदद की गुहार लगाई थी। मेकर्स को इसकी रिलीज के लिए सर्टिफिकेशन बोर्ड की मंजूरी का इंतजार है। फिल्म को 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाना है।
आपको बता दें कि बॉक्स ऑफिस पर इसका मुकाबला अक्षय कुमार की फिल्म ‘खेल खेल में’ से है। वहीं, राज कुमार राव और श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘स्त्री 2’ को भी रिलीज किया जाएगा। ऐसे में देखना होगा कि बॉक्स ऑफिस पर किसकी फिल्म बाजी मारती है।