बॉलीवुड एक्टर जॉन अब्राहम (Johan Abraham) ने नया साल 2024 के जश्न के मौके पर नया घर खरीदा है, जिसकी कीमत करोड़ों में है। उन्होंने रियल एस्टेट मार्केट में एक बंगले की बड़ी डील की है। एक्टर ने लिंकिंग रोड (Linking Road) पर करीब 71 करोड़ का आलीशान बंगला खरीदा है। बताया जा रहा है कि इसके लिए उन्होंने 4.24 करोड़ रुपए की स्टाम्प ड्यूटी भी चुकाई है। इस बंगले का नाम निर्मल भवन है और ये करीब 7,722 वर्ग फिट में फैला है। अभिनेता ने प्रॉपर्टी का रजिस्ट्रेशन 27 दिसंबर को करवाया है।

बांद्रा, खार परिसर में कई फिल्मी सितारे और उद्योगपति रहते हैं। ये मुंबई के पॉश इलाकों में से एक है। यहां आमिर खान और प्रीति जिंटा जैसे सितारों ने भी घर खरीदा है। ऐसे में अब जॉन यहां घर खरीदकर उनके पड़ोसी बन गए हैं। इसके साथ ही प्रीति जिंटा के घर की बात की जाए तो उन्होंने पाली हिल परिसर में 17.01 करोड़ रुपए में एक फ्लैट खरीदा था।

कभी नहीं खरीद पाए थे जिप्सी

आपको बता दें कि जॉन अब्राहम ने बड़ी मुश्किलों से सफलता हासिल की है। उन्होंने अपने करियर में कई उतार-चढ़ाव देखे हैं। एक इंटरव्यू में एक्टर ने बताया था कि उन्होंने अपनी लाइफ में ऐसे दिन भी देखे हैं, जब वो जिप्सी नहीं खरीद पाए थे। जॉन ने बताया था कि जब वो स्कूल में थे तो उनके पिता को उनके पार्टनर ने धोखा दे दिया था। उन्होंने उस समय एक जिप्सी बुक की थी। उस पल को यादकर एक्टर की आंखों में आंसू आ जाते हैं। उनके पिता उस समय काफी इमोशनल हो गए थे। उस समय उनके पिता ने उनसे कहा था कि उन्हें नहीं पता कि कल टेबल पर खाना कैसे मिलेगा। इस वजह से ही जॉन के पिता वो जिप्सी नहीं खरीद पाए थे। उस समय जॉन ने सोच लिया था कि वो अपनी लाइफ में एक दिन जिप्सी जरूर खरीदेंगे। बाद में उन्होंने एक जिप्सी खरीदी भी।

जॉन अब्राहम के लिए बेहतरीन साबित हुआ 2023

जॉन अब्राहम के लिए 2023 काफी बेहतरीन साबित हुआ। इस साल उन्होंने धमाकेदार कमबैक किया। एक्टर स्क्रीन पर विलेन बनकर छा गए थे। उन्होंने शाहरुख खान के साथ फिल्म ‘पठान’ में काम किया था और इसमें एक दमदार विलेन की भूमिका में नजर आए थे। इस मूवी ने बॉक्स ऑफिस पर गर्दा उड़ा दिया था और 1050 करोड़ का बिजनेस किया था। इसके पहले एक्टर की बैक टू बैक 7 फिल्में फ्लॉप साबित हुई थी। लेकिन, किंग खान की इस मूवी ने उनकी डूबती नैया को बचा लिया था।