बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पिछले काफी समय से चर्चा में बने हुए हैं। दरअसल, उन्होंने एक कार्यक्रम में आयुष डॉक्टरों को नियुक्ति पत्र देते समय एक महिला डॉक्टर के चेहरे से हिजाब हटाने का प्रयास किया था। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर काफी वायरल भी हुआ। इसके बाद बहुत सना खान, राखी सावंत समेत कई सेलेब्स ने इसकी आलोचना की और नीतीश कुमार से माफी की मांग की थी। अब इस पर दिग्गज गीतकार और स्क्रीन राइटर जावेद अख्तर का भी रिएक्शन सामने आया है।
इंडिया टुडे टीवी के कंसल्टिंग एडिटर राजदीप सरदेसाई के साथ एक इंटरव्यू में बात करते हुए उन्होंने राजनेता की आलोचना की और इस हरकत को अशोभनीय बताया। जावेद अख्तर ने कहा कि अगर कोई धर्म में विश्वास नहीं करता या नास्तिक है, तो भी उसे दूसरों का अनादर करने का अधिकार नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री को पता था कि वह इस हरकत से बच जाएंगे। उन्होंने किसी हिंदू महिला का घूंघट हटाने की हिम्मत नहीं की होगी।
यह भी पढ़ें: ‘धुरंधर’ का एक्शन आया पसंद अब पार्ट 2 को लेकर ‘डोंगा’ नवीन कौशिक ने दिया बड़ा हिंट, बोले- 50 गुना ज्यादा…
क्या बोले जावेद अख्तर?
गीतकार ने कहा, “हो सकता है कि मैं नास्तिक हूं, मैं धर्म में विश्वास नहीं करता। इसका मतलब यह है कि मुझे जाकर लोगों को मंदिरों, मस्जिदों और चर्चों से बाहर निकालना चाहिए? क्या मुझे ऐसा करना चाहिए? या किसी और को ऐसा करना चाहिए? आप इसका विरोध कर सकते हैं, आप अपना कारण बता सकते हैं और आपको पूरी कोशिश करनी चाहिए कि लोग आपकी तरह सोचें और समझें कि आप क्या कहना चाहते हैं, लेकिन आप ऐसा नहीं कर सकते। खासकर एक महिला के साथ, अगर मुस्लिम महिला नहीं भी है, तो भी एक महिला के साथ।”
जावेद अख्तर ने आगे कहा, “भारत में अभी भी कई ऐसे इलाके हैं, जहां हिंदू महिलाएं प्रथा के तौर पर घूंघट पहनती हैं। क्या आप जाकर उनका घूंघट हटाएंगे? आप ऐसा कैसे कर सकते हैं? कोई भी ऐसा कैसे कर सकता है?” बता दें कि जावेद अख्तर लंबे समय से बुर्का और हिजाब के खिलाफ बोलते रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला पर ऐसे नियम लगाना दुखद है, लेकिन फिर भी यह किसी व्यक्ति को नीतीश कुमार जैसा काम करने का अधिकार नहीं देता।
जावेद अख्तर ने लास्ट में कहा कि यह विवाद धर्म के बारे में नहीं, बल्कि एक महिला की गरिमा और अधिकारों के बारे में है। गीतकार बोले, “मैं किसी भी सभ्य इंसान से जानना चाहता हूं, जिसे महिलाओं की गरिमा के लिए कुछ सम्मान हो, चाहे वह आदमी यहूदी हो या पारसी या हिंदू या बौद्ध या कोई भी हो। अगर वह एक सभ्य इंसान होता, तो उसकी क्या प्रतिक्रिया होती? इसलिए, यह हिंदू और मुस्लिम का मुद्दा नहीं है।” अख्तर ने कहा कि अगर नीतीश कुमार में थोड़ी भी सभ्यता है, तो उन्हें माफी मांगनी चाहिए। उन्होंने एक महिला के साथ दुर्व्यवहार किया है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं स्टेबिन बेन? जिनकी दुल्हनिया बनने जा रही हैं कृति सेनन की बहन नूपुर, सामने आई शादी की डेट
