टीवी की फेमस एक्ट्रेस जैस्मिन भसीन अक्सर अपनी निजी जिंदगी और अली गोनी के साथ अपने रिश्ते को लेकर चर्चा में रहती हैं। ऐसे में अब उन्हें लेकर एक बुरी खबर सामने आ रही है कि एक्ट्रेस की आंखों का कार्निया खराब हो गई है। उन्हें दिखाई देना बंद हो गया है। बताया जा रहा है कि एक इवेंट में आंखों में लेंस पहनने के बाद उन्हें इस परेशानी का सामना करना पड़ा है। कहा जा रहा है कि वो पिछले 4-5 दिनों से दर्द में हैं। डॉक्टर ने उनकी आंखों पर पट्टी बांध दी है और कहा जा रहा है अभी इसे ठीक होने में 4-5 दिन लगेंगे। इसकी वजह से वो देख नहीं पा रही हैं और दर्द की वजह से वो ठीक से सो भी नहीं पा रही हैं।

दरअसल, जैस्मिन भसीन ने इस घटना को लेकर ई-टाइम्स से बात की है। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को एक इवेंट में शिरकत करने के लिए दिल्ली गई थीं। जहां उन्होंने आंखों में लेंस पहना था लेकिन, उन्हें उससे तकलीफ होने लगी। इसकी वजह से उनकी आंखों में जलन और दर्द होने लगा है। एक्ट्रेस दर्द से छटपटा रही हैं।

जैस्मिन ने घटना को लेकर आगे बताया कि उन्होंने इवेंट में चश्मा पहना और वर्क कमिटमेंट पूरा किया। जब उनसे दर्द बर्दाश्त नहीं हुआ तो उन्हें डॉक्टर के पास ले जाया गया। इस दौरान पता चला कि लेंस के कारण उनकी आंखों की कार्निया डैमेज हो गई है। इसके बाद वो वहां से मुंबई आईं और अपना इलाज कराया। फिलहाल, उनकी आंखों पर पट्टी बंधी हुई है और अभी भी उन्हें दर्द में आराम नहीं मिल पाया है।

‘लाफ्टर शेफ’ में अली गोनी संग पहुंची थीं जैस्मिन

आपको बता दें कि जैस्मिन भसीन को हाल ही में कुकिंग रियलिटी शो ‘लाफ्टर शेफ’ में देखा गया था। यहां वो बॉयफ्रेंड अली गोनी के साथ पहुंची थीं। इस शो में उनके अलावा टीवी इंडस्ट्री के कई बड़े चेहरे भी पहुंचे हैं। इसमें अर्जुन बिजलानी, राहुल वैद्य, करण कुंद्रा, अंकिता लोखंडे, विक्की जैन, कश्मीरा शाह, कृष्णा अभिषेक, सुदेश लहरी, निया शर्मा, जन्नत जुबैर और रीम नजर आ रहे हैं। पिछले हफ्ते शो के एपिसोड में दिखाया गया कि उनके करीबी इस शो में आए थे। जैस्मीन के अलावा तेजस्वी प्रकाश, अर्चना गौतम, क्रिस्टल डिसूजा और मिस्टर फैजू भी मदद के लिए पहुंचे थे।

गौरतलब है कि कुकिंग रियलिटी शो के स्ट्रीम किए जाने की टाइमिंग को बदल दिया गया है। पहले इसे शनिवार और रविवार रात 9 बजे कलर्स चैनल और जियो सिनेमा ऐप पर स्ट्रीम किया जा रहा था। लेकिन, अब इस समय पर रोहित शेट्टी का शो ‘खतरों के खिलाड़ी 14’ टेलिकास्ट किया जाएगा। ऐसे में अब 1 अगस्त से ‘लाफ्टर शेफ’ गुरुवार और शुक्रवार रात 10 बजे आएगा।