राम मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा में बॉलीवुड के तमाम सितारे पहुंचे थे, जो 23 जनवरी को मुंबई को लौट आए हैं। तमाम सितारों ने इस कार्यक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। इसी बीच जैकी श्रॉफ का एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह हाथों में श्रीराम की मूर्ति लिए नजर आ रहे हैं। लेकिन गौर करने वाली बात ये है कि वह नंगे पांव हैं। उनकी भक्ति देख फैंस तारीफ कर रहे हैं।

विवेक ओबेरॉय ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है। जिसमें वह जैकी श्रॉफ के साथ नजर आ रहे हैं। वीडियो में विवेक, जैकी के नंगे पांव की तरफ इशारा कर रहे हैं। अयोध्या में कड़ी ठंड में जैकी नंगे पैर चलते हुए गहरी भक्ति में लीन नजर आ रहे हैं। जैकी श्रॉफ ने इससे पहले प्राण प्रतिष्ठा समारोह से पहले एक मंदिर की सफाई के लिए ध्यान आकर्षित किया था।

राजकुमार हिरानी के साथ आलिया भट्ट और रणबीर कपूर को मुंबई पहुंचते देखा गया। पैपराजी द्वारा शेयर किए गए वीडियो में रणबीर ने अपना सिर शॉल से ढका हुआ है। उन्होंने कार्यक्रम में पारंपरिक धोती-कुर्ता पहना था और आलिया रामायण की कहानी को दर्शाने वाली साड़ी पहनी थी, जिसमें वह बेहद खूबसूरत लग रही थीं। इनके साथ ही अयोध्या से मुंबई लौटते समय विकी कौशल और कटरीना कैफ को भी एयरपोर्ट पर स्पॉट किया गया।

इनके अलावा अमिताभ बच्चन, उनके बेटे अभिषेक बच्चन, आयुष्मान खुराना, माधुरी दीक्षित के साथ उनके पति श्रीराम माधव नेने, रोहित शेट्टी भी मुंबई लौट चुके हैं। दिग्गज अदाकारा और बीजेपी सांसद हेमा मालिनी को भी मुंबई लौटने पर पैपराजी ने स्पॉट किया।

अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन और बिजनेसमैन अनिल अंबानी के साथ लौटे। बिग बी ने इससे पहले रामलला की मूर्ति के साथ एक सेल्फी शेयर की थी। रिपोर्टों से पता चलता है कि अमिताभ ने अयोध्या में जमीन खरीदी है, जिसकी कीमत 14.5 करोड़ है।