यूट्यूबर रणवीर इलाहाबादिया (Ranveer Allahbadia) अपने विवादित कमेंट के बाद विवादों में आ गए हैं। उनकी मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। बल्कि मामला बढ़ता ही जा रहा है। उन्होंने समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ में शिरकत की थी जहां पर उन्होंने शो की कंटेस्टेंट से विवादित सवाल किया और इतना सारा बखेड़ा हो गया। हालांकि, यूट्यूब से उनका वीडियो हटा दिया गया और रणवीर ने इसके लिए माफी भी मांग ली है। लेकिन, बावजूद इसके विवाद बढ़ता जा रहा है। ये मुद्दा संसद तक में पहुंच चुका है और समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ को बंद करने के साथ रणवीर पर सख्त एक्शन लेने की मांग की जा रही है। इन सब विवादों के बीच चलिए आपको डिटेल में बताते हैं सारा मामला कि अब तक क्या-क्या हुआ और इस शो के बारे में…

पूरा विवाद बताने से पहले आपको शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के बारे में पहले बताते हैं। ये शो समय रैना का है। वो एक स्टैंडअप कॉमेडियन हैं और शो को होस्ट करते हैं, जिसे यूट्यूब पर स्ट्रीम किया जाता है। ये एक कॉमेडी शो है, जिसमें कंटेस्टेंट को 90 सेकेंड में अपनी प्रतिभा को दिखाना होता है। इसमें कंटेस्टेंट अपनी परफॉर्मेंस के बाद खुद को स्कोर करते हैं, अब अगर ये स्कोल जूरी के स्कोर से मैच कर गया तो वो शो को जीत जाते हैं। इसके कई एपिसोड केवल पेड मेंबर्स ही देख सकते हैं।

कहां से शुरू हुआ विवाद और क्यों?

अब आते हैं शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के विवाद पर। दरअसल, हाल ही में स्ट्रीम हुए शो के लेटेस्ट एपिसोड में रणवीर इलाहाबादिया पहुंचे थे। इसमें उनके साथ आशीष चंचलानी और अपूर्वा मखीजा भी थे। इसी शो में एक कंटेस्टेंट से उसकी परफॉर्मेंस के बाद रणवीर इलाहाबादिया पेरेंट्स इंटीमेट को लेकर कुछ ऐसा सवाल कर देते हैं, जिसका जिक्र हम नहीं कर सकते हैं। उस पर बवाल खड़ा हो गया। वो यहीं नहीं रुकते हैं फीमेल कंटेस्टेंट को अश्लील काम के लिए 2 करोड़ का ऑफर भी देते हैं। वहीं, इसकी जूरी में मौजूद सिंगल फीमेल अपूर्वा मखीजा भी अश्लील कमेंट करती हैं। इन वीडियो क्लिप्स को शेयर करते हुए लोग सोशल मीडिया पर गुस्सा जाहिर कर रहे हैं। इन वीडियोज के सामने आने के बाद शो और इसकी जूरी विवादों में आ गई है। अब इसे बंद करने की मांग उठ रही है। साथ ही असम के गुवाहाटी में रणवीर इलाहाबादिया, अशीष चंचलानी और अपूर्वा मखीजा समेत पांच पर FIR भी दर्ज करा दी गई है।

यूट्यूब से डिलीट हो चुका वीडियो

रणवीर इलाहाबादिया समेत पांच लोगों पर FIR तो दर्ज करा दी गई है। साथ ही NHRC के निर्देश पर यूट्यूब से इस विवादित कमेंट वाला वीडियो भी हटा दिया गया है। वहीं, इस मुद्दे की महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडण्वीस ने कड़ी निंदा भी की है। साथ ही उन्होंने मुंबई कमिश्नर और महाराष्ट्र वुमन कमिशन में भी इस मामले की शिकायत दर्ज कराई है। अब ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ के स्टूडियो मुंबई पुलिस भी पहुंच चुकी है। समय रैना को इस मामल में समन भी जारी किया जा चुका है। वहीं, विवादित बयान वायरल होने के बाद ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने न केवल रणवीर अल्लाहबादिया की टिप्पणी की निंदा की है, बल्कि समय रैना के शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ पर तत्काल प्रतिबंध लगाने की भी मांग की है।

रणवीर इलाहाबादिया ने मांगी माफी

इस विवादित बयान वाले मामले को बढ़ता देख रणवीर इलाहाबादिया ने मांफी भी मांग ली। उन्होंने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो शेयर किया था। इसमें उन्होंने माना कि उनका कमेंट उचित नहीं था और ना ही ये फनी था। रणवीर का कहना था कि कॉमेडी उनकी खासियत नहीं है और उन्होंने इसके लिए माफी भी मांगी थी। यूट्यूबर्स ने कहा था कि वो कोई कॉन्टेक्स्ट या जस्टिफिकेशन नहीं देना चाहते और ना ही जो कुछ उसके लिए कोई वजह देना चाहते हैं। रणवीर ने अपने वीडियो में ये भी कहा था कि उन्होंने मेकर्स से वो ऑफेंसिव सेक्शन डिलीट करने के लिए कहा है। साथ ही यूट्यूबर ने कहा कि वो आगे से इन बातों का ध्यान रखेंगे और दोबारा माफी मांगते हुए अपनी बात खत्म की थी।

बी प्राक ने कैंसिल किया रणवीर इलाहाबादिया संग पॉडकास्ट

रणवीर इलाहाबादिया के विवादित बयान के सामने आने के बाद सिंगर बी प्राक ने उनके संग पॉडकास्ट को कैंसिल कर दिया था। यूट्यूबर के विवादित कमेंट के बाद बी प्राक ने अपना एक वीडियो इंस्टाग्राम पर शेयर किया था। उन्होंने कहा था कि वो बियर बाइसेप्स के पॉडकास्ट में जाने वाले थे लेकिन उसे कैंसिल कर दिया है। इसके पीछे की वजह के बारे में सिंगर ने पाथेटिक सोच और भद्दे शब्दों के इस्तेमाल के बारे में बताया। उन्होंने कहा था कि सब जानते हैं कि समय रैना के शो में कैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। सिंगर बी प्राक ने कहा था कि उनको लगता है कि ये इंडियन कल्चर नहीं है। उन्होंने रणवीर इलाहाबादिया के बयान पर आपत्ति जताई। अंत में सिंगर ने कहा था कि उनको समझ नहीं आ रहा कि ये कैसी जेनरेशन है और सीख देते हुए कहा कि ऐसी चीजें शोभा नहीं देती हैं।

संसद में भी उठा रणवीर इलाहाबादिया का मुद्दा

रणवीर इलाहाबादिया के विवादित बयान का मुद्दा संसद में भी उठ चुका है। बीजेपी सांसद सस्मित पात्रा ने इस मामले को संसद में उठाया है। उन्होंने इसकी आलोचना करते हुए दुर्भाग्यपूर्ण बताया था। संचार और आईटी पर संसदीय स्थायी समिति के सदस्य के तौर पर उन्होंने इस मामले को समिति के सामने उठाने की बात कही थी। उन्होंने कहा कि अनुदान की मांग के लिए वो लोग जल्द ही बैठक करने जा रहे हैं। उन्होंने मांग की कि इस तरह की अपमानजनक टिप्पणियों के लिए सख्स दिशा-निर्देश और सख्त उपाय हों।

कौन हैं रणवीर इलाहाबादिया और अपूर्वा मखीजा?

बहरहाल, अगर रणवीर इलाहाबादिया के बारे में बात की जाए तो वो मशहूर पॉडकास्टर हैं। उन्होंने कोरोना काल में अपनी पहचान बनाई थी। उन्हें पीएम मोदी से क्रिएटर अवॉर्ड मिल चुका है। उनके सात यूट्यूब चैनल हैं और करोड़ों में सब्सक्राइबर्स हैं।

अपूर्वा मखीजा के बारे में बात करें तो वो ‘द रीबेल कीड’ के नाम से मशहूर हैं और अपना यूट्यूब चैनल चलाती हैं, जिस पर 26 लाख ज्यादा फॉलोअर्स हैं। वो कोरोना के दौरान वायरल रील्स से फेमस हुई थीं। यहां क्लिक करके आप उनके बारे में डिटेल में पढ़ सकते हैं।

इसके अलावा समय रैना के बारे में की जाए तो वो भी एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और स्टैंड अप कॉमेडियन हैं। वो मूल रूप से जम्मू कश्मीर से ताल्लुक रखते हैं। उनके यूट्यूब पर 7.37 मिलियन सब्सक्राइबर्स हैं और इंस्टाग्राम पर 6 मिलियन फॉलोअर्स। हाल ही में वो अमिताभ बच्चन के शो केबीसी में नजर आए थे।

कौन है अपूर्वा मखीजा? ‘इंडियाज़ गॉट लैटेंट’ में पहुंची एकलौती लड़की जिसने समय रैना के शो में की थी गंदी बात