वर्ल्ड कप 2023 के चलते लीजेंडरी फुटबॉलर डेविड बेकहम भारत में थे। इस बीच उन्हें मुकेश अंबानी से लेकर सोनम कपूर और शाहरुख खान ने अपने घर पर बुलाया और उनकी मेहमान नवाजी की। सोनम कपूर और उनके पति आनंद आहूजा ने अपने घर पर एक ग्रैंड पार्टी रखी, जिसमें बॉलीवुड के तमाम सितारे शामिल हुए।
करिश्मा कपूर, मलाइका अरोड़ा और अर्जुन कपूर भी इस पार्टी का हिस्सा थे। सभी ने डेविड के साथ तस्वीरें खिंचवाई और सोशल मीडिया पर शेयर की। एक्टर हर्षवर्धन कपूर जो अनिल कपूर के बेटे और सोनम कपूर के भाई हैं, उन्होंने भी डेविड बेकहम के साथ अपनी एक तस्वीर शेयर की है। जिसके लिए उन्हें जमकर ट्रोल किया जा रहा है। हर्षवर्धन ने ट्रोल करने वालों को करारा जवाब दिया है।
हर्षवर्धन ने इंस्टाग्राम पर डेविड के साथ एक फोटो शेयर करते हुए लिखा, “चूंकि मैं शायद उस पार्टी में एकमात्र व्यक्ति था जिसने वास्तव में बेकहम द्वारा खेले गए हर खेल को देखा था और यूनाइटेड और बियोंड में उनके करियर को पैशन के साथ फॉलो किया था, मुझे लगा कि मुझे एक तस्वीर लेनी चाहिए। अब मैं इसे बाकी दुनिया के साथ साझा कर रहा हूं क्योंकि बाकी सभी लोग अपनी-अपनी साझा कर रहे हैं।”
ट्रोल के कमेंट पर हर्षवर्धन का करारा जवाब
तमाल लोगों ने हर्षवर्धन की तस्वीर पर उनकी तारीफ की है। वहीं एक यूजर ने लिखा, “उसने पूछा नहीं कि तू है कौन?” एक्टर ने इस कमेंट को अनदेखा करने की बजाय इसपर तगड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने जवाब में लिखा, “भाई वो मेरे घर आया…तू कौन है?” हर्षवर्धन के इस कमेंट पर कई लोगों ने उन्हें सपोर्ट किया है।
हर्षवर्धन कपूर अभिनेता अनिल कपूर और सुनीता कपूर के इकलौते बेटे हैं। सोनम कपूर और स्टाइलिस्ट-फिल्म निर्माता रिया कपूर के भाई भी हैं। हर्षवर्धन को आखिरी बार ‘थार’ में देखा गया था। जिसे राज सिंह चौधरी ने डायरेक्ट किया है। इस फिल्म में फातिमा सना शेख, अनिल कपू और मंदाना करीमी भी अहम किरदारों में हैं।