साल 2024 में फिल्म इंडस्ट्री के लिए काफी अच्छा साबित हुआ। जहां साउथ की फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर रूल किया वहीं, बॉलीवुड का भी बोलबाला कम नहीं रहा। इस साल हिंदी सिनेमा में ‘स्त्री 2’, ‘भूल भुलैया 3’ और ‘सिंघम 3’ जैसी दमदार फिल्में आईं, जो कि हिट फिल्मों का सीक्वल रहीं। ऐसे में 2025 भी कुछ ऐसा ही होने वाला है। इस साल सीक्वल फिल्मों की भरमार होने वाली है। इसमें कई फिल्में तो ऐसी हैं, जिनकी रिलीज को दर्शकों को लंबे समय से इंतजार था। इस लिस्ट में अजय देवगन (Ajay Devgn) और अक्षय कुमार (Akshay Kumar) जैसे स्टार्स की फिल्मों का नाम शामिल है। आइए बताते हैं उन मूवीज के बारे में।
जॉली एलएलबी 3
अक्षय कुमार की 2025 में कई फिल्में रिलीज होने वाली हैं। इसी में से एक उनकी मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘जॉली एलएलबी 3’ है, जिसे 10 अप्रैल, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा। आपको बता दें कि ‘जॉली एलएलबी’ के पहले दो पार्ट हिट रहे हैं। ये अक्षय के करियर की हिट फिल्मों में से एक रही है। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि उनकी इस फिल्म के तीसरे पार्ट को दर्शकों की ओर से कैसा रिस्पांस मिलता है।
हाउसफुल 5
अक्षय कुमार की 2025 की मोस्टअवेटेड फिल्मों में से एक ‘हाउसफुल 5’ भी है। ये 6 जून, 2025 को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म के पहले चारों पार्ट हिट रहे हैं। ऐसे में अब दर्शकों को इसके पांचवे पार्ट का इंतजार है। इसमें अक्षय के साथ ही अभिषेक बच्चन, कृति सेनन, नोरा फतेही और संजय दत्त जैसे स्टार्स अहम रोल में नजर आने वाले हैं।
वॉर 2
2025 में हिट फिल्मों के सीक्वल की लिस्ट में ‘वॉर 2’ भी है। अगले साल ऋतिक रोशन, टाइगर श्रॉफ और वाणी कपूर स्टारर फिल्म ‘वॉर’ का सीक्वल रिलीज किया जाएगा। इसके फर्स्ट पार्ट को साल 2019 में रिलीज किया गया था। ऐसे में अब 2025 में इसका सीक्वल आ रहा है। इस बार इसमें ऋतिक रोशन के साथ जूनियर एनटीआर और कियारा आडवाणी को फिल्म में देखा जाएगा। इसकी रिलीज डेट 14 अगस्त 2025 है।
दे दे प्यार दे 2
वहीं, इस लिस्ट में अजय देवगन की फिल्म ‘दे दे प्यार दे’ का सीक्वल भी शामिल है। इसमें पहली बार एक्टर के साथ रकुल प्रीत और तबू नजर आई थीं। ऐसे में अब 2025 में इसका दूसरा पार्ट रिलीज किया जाएगा। इसे साल के आखिरी में 14 नवंबर, 2025 को रिलीज किया जाना है। मेकर्स ने हाल ही में फिल्म के सीक्वल के रिलीज डेट का अपडेट साझा किया था।
सन ऑफ सरदार 2
इसके अलावा, अजय देवगन ‘सन ऑफ सरदार 2’ में भी नजर आने वाले हैं। फैंस को इस सीक्वल का बेसब्री से इंतजार था। इसका पहला पार्ट 2012 में रिलीज किया गया था और उस समय इसे बॉक्स ऑफिस पर अपार सफलता हासिल हुई थी। ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि आने वाले इस फिल्म के सीक्वल को दर्शकों से कैसा रिस्पांस मिलता है और ये बॉक्स ऑफिस पर कितना कलेक्शन करती है।
रेड 2
अजय देवगन की फिल्म ‘रेड’ को साल 2018 में रिलीज किया गया था। इसमें उनके साथ इलियाना डी’क्रूज अहम रोल में नजर आई थीं। फिल्म हिट रही थी। ऐसे में अब लोगों को इसके सीक्वल का बेसब्री से इंतजार था। फिल्म 1 मई, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। पहले इसे नवंबर 2024 में रिलीज किया जाना था लेकिन, किन्हीं कारणों की फिल्म की रिलीज को पोस्टपोन कर दिया गया था।
बाघी 4
टाइगर श्रॉफ की हिट फिल्म ‘बाग़ी’ के तीन पार्ट रिलीज हो चुके हैं। ऐसे में फिल्म के चौथे पार्ट का भी ऐलान कर दिया गया है। इसे 2025 में रिलीज किया जाएगा। फिल्म की रिलीज डेट 5 सितंबर, 2025 है। आपको बता दें कि फिल्म का फर्स्ट पार्ट 2016, दूसरा पार्ट 2018 और तीसरा पार्ट 2020 में रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों से अच्छा खासा रिस्पांस मिला था और फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थी।
धड़क 2
जान्हवी कपूर की डेब्यू फिल्म ‘धड़क’ का भी सीक्वल अगले साल यानि कि 2025 में रिलीज होने वाला है। फिल्म के फर्स्ट पार्ट को 2018 में रिलीज किया गया था और इसमें जान्हवी कपूर-ईशान खट्टर लीड रोल में नजर आए थे। फिल्म में जान्हवी को अच्छा खासा रिस्पांस मिला था। ऐसे में अब इसके सीक्वल का भी ऐलान कर दिया गया है और इस बार नई जोड़ी देखने के लिए मिलने वाली है। इसमें सिद्धांत चतुर्वेदी और एक्ट्रेस तृप्ति डिमरी अहम रोल में नजर आने वाली हैं। इस रोमांटिक ड्रामा फिल्म को 21 फरवरी, 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा।
आपने 2025 में आने वाले फिल्मों के सीक्वल के बारे में तो पढ़ लिया। इसके साथ ही आप साउथ की उन फिल्मों की लिस्ट के बारे में भी पढ़ सकते हैं, जो अगले साल सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली हैं।