Happy Birthday Raghubir Yadav career: वेब सीरीज ‘पंचायत’ (Panchayat) में प्रधान जी का रोल प्ले करने वाले एक्टर रघुबीर यादव (Raghubir Yadav) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में एक से बढ़कर एक फिल्में और वेब सीरीज दी है। उनकी अदायगी को लोग काफी पसंद करते हैं। स्क्रीन पर वो आएं और लोगों को बिना गुदगुदाए जाएं ऐसा हो ही नहीं सकता है। उन्हें कॉमिक रोल के लिए भी जाना जाता है। उनके बारे में ये सारी बातें उनके जन्मदिन के मौके पर कर रहे हैं। वो एक्टर नहीं बल्कि सिंगर बनना चाहते थे। इसके लिए तो वो घर से भी भाग गए थे।

जी हां, आपने बिल्कुल सही सुना। 25 जून, 1957 को मध्य प्रदेश के जबलपुर में जन्में रघुबीर यादव आज इंडस्ट्री के जाने-माने कलाकार हैं। उन्होंने अपने फिल्मी करियर में कई बेहतरीन फिल्मों में काम किया है। अक्सर उन्हें एक्ट्रेस नीना गुप्ता के साथ स्क्रीन शेयर करते हुए देखा गया है। दोनों की केमिस्ट्री खूब जचती है। रघुबीर किसान परिवार से ताल्लुक रखते हैं और उन्हें बचपन से ही गायिकी का शौक था। वो बचपन से ही सिंगर बनना चाहते थे, लेकिन किस्मत को तो कुछ और ही मंजूर था।

रघुबीर को सिंगर बनने की ऐसी चाहत थी कि जब लोग उनके इस शौक को नहीं समझ पाए तो वो अपना शौक पूरा करने के लिए घर से भाग गए। वो घर से अपने सपने को पूरा करने के लिए निकले थे। उस समय उनकी उम्र महज 15 साल थी।

NSD के रहे स्टूडेंट, 1985 में शुरू किया करियर

रघुबीर यादव ने घर से भागने के बाद एनएसडी में एडमिशन ले लिया था। वो 1977 बैच के स्टूडेंट रहे हैं। साल 1985 में एक्टर ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत की थी। उन्हें 1987 में रिलीज हुई फिल्म ‘मैसी साहब’ से पहचान मिली थी। एक्टिंग के साथ-साथ एक्टर ने फोक स्टाइल में ‘महंगाई डायन खाय जात है’ गाना गाकर अपनी गायिकी का लोहा मनवाया था। रघुबीर ने कई पॉपुलर टीवी सीरियल्स में भी काम किया है। इसमें ‘मुल्ला नसीरुद्दीन’, ‘मुंगेरीलाल के हसीन’ और ‘सपने और चाचा चौधरी’ जैसे टीवी शोज शामिल हैं।

रघुबीर की 8 फिल्में ऑस्कर के लिए हुई थीं नामांकित

रघुबीर यादव के नाम एक अनोखा रिकॉर्ड भी है। उन्होंने साल 1985 में आई फिल्म ‘सलाम बॉम्बे’ में एक नशेड़ी का किरदार निभाया था। 1993 में ‘रुदाली’ में शनीचरी, 1993 में ‘बैंडिट क्वीन’ में काम किया। 1999 में ‘अर्थ’, 2001 में ‘लगान’, 2005 में ‘आई वाटर’, 2010 में ‘पिपली लाइव’ और 2017 में ‘न्यूटन’ जैसी फिल्मों में दमदार अभिनय से सभी का दिल जीता था। उनकी ये सभी 8 फिल्में ऑस्कर के लिए नामांकित हुई थीं।