बॉलीवुड के मंझे हुए कलाकार मनोज बाजपेयी (Manoj Bajpayee) आज किसी पहचान के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने अपने करियर में एक से बढ़कर एक फिल्मों में काम किया है और इंडस्ट्री में खुद के बलबूते अपना सिक्का जमाया है। लेकिन इसका श्रेय केवल उनकी कड़ी मेहनत को जाता है। बताया जाता है कि वो जब मुंबई आए थे तो वो चॉल में रहते थे और करियर के शुरुआती दौर में काफी रिजेक्शन भी झेले हैं। इसकी वजह से उन्हें काफी फ्रस्टेशन भी होती थी। कभी 10 लोगों के साथ एक ही चॉल में सोने वाले मनोज आज करोंड़ी संपत्ति के मालिक हैं और लग्जरी लाइफ भी जीते हैं।
अब आप सोच रहे होंगे कि हम अचानक से मनोज बाजपेयी के बारे में क्यों बता रहे हैं? दरअसल, रंगमंच की दुनिया में बादशाहत पाने वाले एक्टर 23 अप्रैल को अपना जन्मदिन मना रहे हैं। 23 अप्रैल, 1969 को बिहार के बेलवा में जन्में मनोज इस साल 54 साल के होने जा रहे हैं। ऐसे में उनके बर्थडे के मौके पर आपको उनकी स्ट्रगल लाइफ से लग्जरी लाइफ तक का सफर बता रहे हैं। आइए जानते हैं…
संघर्ष भरा रह मनोज बाजपेयी का जीवन
मनोज बाजपेयी का जीवन काफी संघर्षों से भरा रहा है। उन्होंने शोहरत कमाने के लिए काफी खून-पसीना कमाया है। एक्टर ने करियर के शुरुआती दौर में काफी रिजेक्शन का सामना किया है। उन्होंने साल 2019 में रेडिट को दिए इंटरव्यू में बताया था कि बाकी सभी की तरह ही उनके जीवन में भी काफी संघर्ष रहा है। कइयों बार उनके हाथ निराशा और चिंता ही हाथ लगी थी। उस समय एक असिस्टेंट डायरेक्टर को उन्होंने अपनी फोटो दिखाई थी और ये उस समय आम भी होता था। लेकिन उसने उसी वक्त उनके सामने तस्वीर को कूड़ेदान में फेंक दिया था। मनोज का अपमान जरूर हुआ था लेकिन उन्होंने इसे पॉजिटिव में लिया था। उन्होंने हार नहीं मानी और एक्टिंग की रिहर्सल करते रहे थे।
1994 में आई थी मनोज की पहली फिल्म
मनोज ने स्ट्रीट थिएटर और एनएसडी से एक्टिंग सीखी है। इसके बाद एक्टर ने अपने करियर की शुरुआत साल 1994 में आई फिल्म ‘बैंडिट क्वीन’ से की थी। इसे शेखर कपूर द्वारा निर्देशित किया गया था। हालांकि, इससे उनके हाथ नेम और फेम नहीं मिला मगर उनकी एक्टिंग को नोटिस जरूर किया गया था। इसके बाद मनोज को राम गोपाल वर्मा की फिल्म ‘सत्या’ में काम करने का मौका मिला, जिसने किस्मत ही बदल दी। 1997 में रिलीज हुई इस मूवी से एक्टर को पहचान मिली। इसके बाद उन्होंने अपने करियर में ‘शूल’, ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर’ और वेब सीरीज ‘द फैमिली मैन’ में काम किया, जिससे उनकी काफी पॉपुलैरिटी बढ़ी।
लग्जरी लाइफ जीते हैं मनोज बाजपेयी
चॉल में सोने वाले मनोज बाजपेयी आज लग्जरी लाइफ जीते हैं। उन्होंने मुंबई के अंधेरी में एक अपार्टमेंट खरीदा है, जिसमें वो पत्नी नेहा और बेटी के साथ रहते हैं। स्कूप वूप की रिपोर्ट की मानें तो कहा जाता है कि किसान परिवार से ताल्लुक रखने वाले एक्टर की आज 15 मिलियन डॉलर यानी कि 118 करोड़ रुपए नेट वर्थ है। इतना ही नहीं एक्टर के पास लग्जरी गाड़ियां भी है। इसमें अगर उनके कार कलेक्शन की बात की जाए तो उनके पास Mercedes-Benz GLS 400d 4MATIC है, जिसकी कीमत करीब 1.27 करोड़ रुपए है। इसके अलावा मनोज की गाड़ियों की लिस्ट में Land Cruiser Prado, बीएमडब्ल्यू 5 सीरीज, टोयोटा फॉर्च्यूनर और महिंद्रा स्कॉर्पियो भी शामिल है।