बिग बॉस 13 की एक्स कंटेस्टेंट मधुरिमा तुली (Madhurima Tuli) ना केवल टीवी में बल्कि फिल्मों में भी अपने अभिनय का दम दिखा चुकी हैं। वो 19 अगस्त को अपना जन्मदिन सेलिब्रेट करती हैं। एक्ट्रेस का जन्म 19 अगस्त, 1986 को ओडिशा में हुआ था। वो फिल्मों और टीवी शोज के साथ-साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी काफी चर्चा में रही हैं। उनकी और एक्टर विशाल आदित्य सिंह का रिलेशनशिप और इनका विवाद काफी सुर्खियों में रहा है। दोनों बिग बॉस में भी साथ में नजर आ चुके हैं। ऐसे में आज उनके जन्मदिन के मौके पर उनकी लाइफ से जुड़ी बातें बता रहे हैं। आइए जानते हैं…
फिल्म ‘बेबी’ में अक्षय कुमार की पत्नी का रोल निभाने वाली एक्ट्रेस मधुरिमा तुली बिग बॉस के अलावा नच बलिए में भी नजर आ चुकी हैं। इसमें वो बॉयफ्रेंड विशाल आदित्य सिंह (Vishal Aditya Singh) के साथ दिखी थीं। शो में दोनों के बीच प्यार और झगड़ा दोनों ही देखने के लिए मिला था। इनके प्यार की शुरुआत टीवी शो ‘चंद्रकांता’ से हुई थी। इसी शो में दोनों साथ में नजर आए थे। यहां पहले इनकी दोस्ती हुई और फिर ये प्यार में बदल गई। हालांकि, इनका रिश्ता ज्यादा समय तक टिक नहीं पाया और उनकी राहें अलग हो गईं।
ब्रेकअप के बाद फिर आई नजदीकियां, मगर नहीं टिका रिश्ता
विशाल आदित्य सिंह और मधुरिमा तुली कभी प्यार में जीने-मरने की कसमें खाते थे। लेकिन बाद में जल्द ही दोनों अपने झगड़ों के चलते अलग हो गए और फिर ये जोड़ी तिबारा नहीं जम पाई। जी हां, तिबारा। दरअसल, विशाल और मधुरिमा बिग बॉस 13 में साथ में नजर आए थे। इसमें दोनों को अपने रिश्ते को एक बार फिर से मौका देते हुए देखा गया था। इनके बीच नजदीकियां भी आई थीं। लेकिन यहां भी मामला कुछ ठीक नहीं रहा और शो में ही दूरियां आ गई थीं। खूब बवाल मचाया था।
मधुरिमा ने की थी विशाल की पिटाई!
बिग बॉस के सीजन 13 में मधुरिमा तुली ने बॉयफ्रेंड विशाल सिंह की जमकर धुलाई भी की थी। दोनों के बीच विवाद इस कदर बढ़ गया था कि एक्ट्रेस अपने गुस्से पर काबू नहीं कर पाई थीं। उन्होंने विशाल को पैन से पीट डाला था। इसके बाद विशाल ने तय कर लिया था कि वो इस शो को छोड़कर जाना चाहते हैं। हालांकि, ऐसा नहीं हुआ था। इनके झगड़ों को लेकर सलमान खान ने बिग बॉस में दोनों की जमकर फटकार लगाई थी।
अब कहां हैं मधुरिमा तुली?
मधुरिमा तुली ने अपने करियर में कई प्रोजेक्ट्स में काम किया है। वो ‘कस्तूरी’, ‘चंद्रकांता’, ‘कयामत की रात’, ‘परिचय’ और ‘कुमकुम भाग्य’ जैसे शोज में काम किया था। इसके अलावा उनकी झोली में कई फिल्में भी रही हैं। इसमें ‘बेबी’, ‘हमारी अधूरी कहानी’ और ‘नाम शबाना’ जैसी फिल्मों में काम किया है। एक्ट्रेस को आखिरी बार 2022 में फिल्म ‘जीना अभी बाकी है’ में देखा गया था। ‘बिग बॉस’ में आने के बाद भी उनके करियर को कोई खास उछाल नहीं मिल पाई।